जोया (अमरोहा)। पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर में बने तारकोल के टैंक में गिरकर बंदर की मौत हो गई। जिसकी खबर मिलते बजरंग दल कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। शव को देखकर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने विभाग को जिम्मेदार ठहराया। टैंक को ढकने की मांग की। इस दौरान पीडब्ल्यूडी कर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। करीब एक घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
यह मामला जोया स्थित लोक निर्माण विभाग कार्यालय का है। कार्यालय परिसर में विभाग का तारकोल टैंक बना हुआ है। शुक्रवार की शाम यहां काफी बंदर हुड़दंग कर रहे थे। पेड़ पर छलांग लगाते समय एक बंदर तारकोल के टैंक में गिर पड़ा। बंदर ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। इसके बाद बंदरों का झुंड एकत्र हो गया। इस दौरान कुछ लोगों ने बंदर को बचाने की कोशिश की थी, लेकिन तारकोल में मुंह घुसने की वजह से बंदर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की पीडब्ल्यूडी के कर्मियों से नोकझोंक हो गई। इस दौरान जय सिंह, शुभ चौधरी, विनोद, नितिन और कुलदीप आदि मौजूद रहे।