गजरौला (अमरोहा)। जय भारत इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य प्राची शर्मा ने कहा कि महिलाएं किसी भी परिवार की धुरी होती हैं। इसलिए उन्हें हाउस वाइफ नहीं बल्कि हाउस मैनेजर कहा जाना चाहिए। मंगलवार को महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए अमर उजाला द्वारा चलाए जा रहे अपराजिता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती शर्मा ने छात्राओं को सीख दी कि अपने जीवन में पढ़ाई को ही एक मात्र लक्ष्य बनाएं। पढ़-लिखकर ही मंजिल को आसानी से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक महिला के ऊपर पुरुष से अधिक जिम्मेदारी होती है। यही वजह है कि महिला को हाउस वाइफ नहीं बल्कि हाउस मैनेजर कहा जाए। क्योंकि, महिलाएं ही घर का प्रबंधन संभालती हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वह कोई भी विपत्ति आने पर 100 डायल अथवा महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 पर कॉल करें यदि कोई भी अनजान व्यक्ति उन्हें परेशान करे तो सबसे पहले अपने माता-पिता और बाद में पुलिस को सूचना दें। कॉलेज के प्रबंधक सर्वेश शर्मा एडवोकेट ने
महिला सशक्तिकरण के लिए अमर उजाला द्वारा चलाए जा रहे अपराजिता कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कविता सुनाई, पूरब का सूरज ना पूरब में डूब जाए, पश्चिम की सभ्यता को साथ ले रहा हूं। माता सीता माता दुर्गा पैदा हुई थीं जहां, वहां पश्चिम का नारीवाद ले रहा हूं। इस मौके पर शिक्षिका सरिता, आदेश, डॉली, श्वेता, सोनम, वर्षा, आंचल मंजू के अलावा छात्राएं शिवानी, नीलम, अनु, वैशाली, बबली, जागेश, शालू, रीमा, सानिया, मुस्कान आदि भी रहीं।