फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Amethi News ›   The exercise of the candidates and supporters lasted the whole night

Amethi News: पूरी रात चली प्रत्याशियों व समर्थकों की कवायद

Thu, 11 May 2023 11:53 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी Updated Thu, 11 May 2023 11:53 PM IST
विज्ञापन
The exercise of the candidates and supporters lasted the whole night
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

गौरीगंज (अमेठी)। मतदान से पहले बुधवार की पूरी रात उम्मीदवार और उनके समर्थक मतदाताओं को अपने पाले में करने की कवायद में जुटे रहे। प्रत्याशियों के समर्थक सारी रात बाइकों से चक्कर लगाकर धन बांटने की खोज खबर लेते रहे। प्रशासन भी रात भर इस धमाचौकड़ी पर कोई अंकुश तो नहीं लगा सका अलबत्ता ड्यूटी बजाने की रस्म जरूर अदा होती रही।
चुनाव से पहले बुधवार की शाम अंधेरा घिरते ही अध्यक्ष से लेकर वार्ड सभासद पद तक के उम्मीदवार सक्रिय हो गए। सबको एक-दूसरे पर मतदाताओं को धन, शराब व उपहार के जरिए प्रभावित करने की आशंका थी। हालांकि स्वयं भी सभी इसी जुगत में लगे थे। तलाश थी तो बस मौके की। भोर में चार बजे तक शहर की मुख्य सड़कों से लेकर गली कूचों तक में प्रत्याशी व समर्थक डटे रहे। तीन-तीन, चार-चार बाइकों का जत्था फर्राटा भरने लगा। मतदाता भी प्रत्याशियों के इंतजार में जागते रहे।
विज्ञापन

इन सबके बीच प्रत्याशियों के एक दूसरे को समर्थन देने की अफवाहों का दौर भी चला। कुछ प्रत्याशी तो पूरी रात मतदाताओं को यही बताते रहे कि वह मैदान में डटे हैं और सबसे मजबूत हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


सूची में नाम न होने पर मिली निराशा
गौरीगंज (अमेठी)। नगर निकाय चुनाव को लेकर उत्साहित मतदाता मतदान शुरू होने से पहले ही बूथों पर पहुंचकर अपनी बारी का इंतजार करने लगे। पहचानपत्र लेकर कतार में खड़े होने के थोड़ी देर बाद जब मतदान का नंबर आया तो उन्हें बता दिया गया कि उनका नाम सूची में नहीं है। सूची में नाम नहीं मिलने से निराश मतदाता लौट गए। बहुत से ऐसे मतदाता भी रहे जिनका नाम सूची में था, पर्ची भी थी, लेकिन मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सके। पहचान पत्र में फोटो नहीं होना इसका कारण बना। निर्वाचक नामावली में मतदान के दिन काफी गड़बड़ियां सामने आईं। (संवाद)


मतदान में पुरुषों पर भारी पड़ीं महिलाएं
गौरीगंज (अमेठी)। जिले की नगर पालिका परिषद गौरीगंज और जायस तथा नगर पंचायत अमेठी व मुसाफिरखाना में बृहस्पतिवार को हुए निकाय चुनाव के मतदान में महिलाएं पुरुषों पर भारी रहीं। वे चूल्हा-चक्की छोड़कर बूथों तक पहुंचीं और लोकतंत्र के उत्सव में हिस्सा लिया। महिलाएं भी बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों को जाती दिखीं। यह जागरूकता का ही नतीजा था कि नवविवाहिताएं भी घर से निकलकर बूथों पर पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। (संवाद)

गड़बड़ी से निपटने को सक्रिय रही फोर्स
गौरीगंज (अमेठी)। नगर पालिका परिषद, गौरीगंज व जायस तथा नगर पंचायत अमेठी व मुसाफिरखाना में मतदान के दिन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पीएसी के साथ पुलिस भी सक्रिय रही। डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी डॉ. इलामारन जी. पूरे दिन सभी चुनाव क्षेत्रों का भ्रमण करते रहे। जिला और पुलिस प्रशासन का पूरा ध्यान बुधवार को निकाय चुनाव के लिए चल रहे मतदान को शांतिपूर्ण निपटाने पर लगा रहा। निर्वाचन आयोग और प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर सभी चुनाव क्षेत्रों के बूथों पर तैनात फोर्स के साथ ही गश्त करने वाले जवान भी खासे सक्रिय रहे। एडीएम अजित कुमार सिंह व एएसपी हरेंद्र कुमार भी बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ चुनाव क्षेत्रों में दौड़ते रहे। दोनों अधिकारी तकरीबन सभी संवेदनशील बूथों पर पहुंचे और फोर्स व मतदाताओं का उत्साह बढ़ाया। (संवाद)

हर तरफ दिखा बंदी जैसा नजारा
गौरीगंज (अमेठी)। जिले की दो नगर पालिका परिषद और दो नगर पंचायतों में हो रहे निकाय चुनाव की वजह से हर तरफ बंदी जैसा नजारा दिखा। बृहस्पतिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित होने के कारण स्कूल व सरकारी-गैर सरकारी दफ्तर भी बंद रहे। मतदान को लेकर निर्वाचन आयोग अथवा जिला प्रशासन की तरफ से बाजारों की बंदी का आदेश नहीं था, लेकिन चुनाव क्षेत्र के साथ हर तरफ दुकानें बंद रहीं। बस अड्डे के निकट स्थित कुछ दुकानों को छोड़ दिया जाए तो बाजार में भी बंदी सा नजारा रहा। चुनाव क्षेत्रों के कस्बों में तो लोगों को रोजमर्रा की खरीदारी में दिक्कतें आईं। (संवाद)


पूरे दिन मेहरबान रही बिजली
गौरीगंज (अमेठी)। निकाय चुनाव को लेकर सभी चुनाव क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को बिजली की आपूर्ति निर्बाध रही। बिजली आपूर्ति का बच्चों ने खूब लुत्फ उठाया। इससे किसानों को खेती किसानी के कार्यों में सहूलियत मिली। निर्बाध आपूर्ति से मतदान कर्मियों के समक्ष भी कोई दिक्कत नहीं आई। हालांकि एहतियात के तौर पर प्रत्येक मतदान केंद्रों पर प्रकाश के वैकल्पिक इंतजाम किए गए थे। (संवाद)


यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी
गौरीगंज (अमेठी)। वाहनों के चुनाव ड्यूटी में लगे होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानियां उठानी पड़ीं। जिला प्रशासन ने चुनाव के लिए अधिकांश वाहनों को अधिग्रहीत कर रखा था। जो वाहन अधिग्रहण से बच गए थे। उनके संचालकों ने उसे घर पर खड़ा कर दिया था। ऐसे में रविवार को सड़क पर वाहनों का टोटा रहा। मजबूरी में कहीं जाने के लिए घर से बाहर निकलने वाले लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों ने व्यक्तिगत वाहनों से आ जा रहे लोगों से लिफ्ट लेकर यात्रा पूरी करनी पड़ी। (संवाद)

पहले मतदान, फिर अन्य काम
गौरीगंज (अमेठी)। निकाय चुनाव को लेकर मतदाता उत्साहित दिखे। दिन चढ़ते ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गईं। मतदाताओं ने अपने दूसरे जरूरी कामों के बजाय मतदान को प्राथमिकता पर रखा। बृहस्पतिवार की सुबह छह बजे से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। शाम छह बजे के बाद भी कई मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की कतार बनी हुई थी। (संवाद)

एजेंटों ने वोटरों की पहचान को लेकर किया विवाद
गौरीगंज (अमेठी)। मतदान शुरू होने के साथ ही शिकायतों का दौर भी चला। कई मतदान केंद्र पर एजेंटों ने वोटरों की पहचान को लेकर विवाद किया। प्रशासनिक सक्रियता की वजह से कहीं भी इसे लेकर अप्रिय स्थिति नहीं पैदा हुई। गौरीगंज नपा के मिश्रौली बूथ पर वोट डालने पहुंचे कांग्रेस नेता अनुपम पांडेय का नाम मतदाता सूची से नदारद रहा। सूची में नाम नहीं मिलने पर अनुपम बिना कोई हंगामा किए लौट आए। उनका आरोप था कि उनका नाम जान बूझकर काट दिया गया। (संवाद)


मिजाज भांपने में लगे रहे समर्थक
गौरीगंज (अमेठी)। मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों के समर्थक भी अलग-अलग गोलबंद रहे। इनकी पूरी कोशिश वोट देकर निकल रहे मतदाताओं के जरिए वोटिंग का मिजाज भांपने में रही। तकरीबन सभी मतदान केंद्रों पर नजारा एक सा रहा। आयोग ने मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों के फड़ लगाने पर रोक लगा रखी थी। ऐसे में प्रत्याशियों के समर्थक दूर रहकर ही इस काम को अंजाम तक पहुंचाने में जुटे रहे। मतदाता इनसे ज्यादा सयाने साबित हुए। कोई भी इनसे कुछ जान नहीं सका। इसकी बेचैनी समर्थकों के चेहरों पर साफ दिख रही थी। (संवाद)


कंट्रोल रूम में दिन भर आते रहे फोन
गौरीगंज (अमेठी)। जिले के शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के मद्देनजर कलेक्ट्रेट गेट स्थित भवन में कंट्रोल रूम बनाया गया था। कंट्रोल रूम में आम आदमी के साथ ही मीडिया के लोगों को एक-एक पल की जानकारी देने के लिए जिला प्रशासन ने अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनात की थी। बृहस्पतिवार को हुए निकाय चुनाव के दौरान क्लॉक वाइज मत प्रतिशत की जानकारी लेने के लिए दिन भर कंट्रोल रूम में फोन आते रहे। तैनात कर्मचारी चुनाव में लगे अधिकारियों से जानकारी लेने के साथ उसे लोगों तक पहुंचाने में जुटे दिखे। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed