Amethi News: बरात देखने के दौरान गिरा छज्जा, मासूम की मौत... 35 से ज्यादा लोग घायल; मची चीख पुकार
अमेठी में बरात देखने के दौरान एक मकान का छज्जा गिर गया। हादसे में मासूम बच्ची की मौत हो गई। जबकि 35 से ज्यादा लोग घायल हो गए। खुशियों वाले घर में चीख पुकार मच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के अमेठी में मंगलवार रात बरात देखने के दौरान एक मकान का जर्जर छज्जा रेलिंग सहित भरभराकर गिर गया। हादसे में पांच साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 35 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में ज्यादातर महिलाएं और किशोरियां हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना मुंशीगंज क्षेत्र के सीतारामपुर मजरे बाहापुर की है। गांव निवासी पूजा श्रीवास्तव की शादी थी। बरात अयोध्या जिले के मिल्कीपुर, कुमारगंज से आई थी। रात लगभग 11:30 बजे द्वारपूजा की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान आसपास की महिलाएं और बच्चे बरात देखने के लिए छत के छज्जे पर खड़े थे। भीड़ अधिक होने से जर्जर छज्जा रेलिंग समेत टूट गया।
ये लोग हुए घायल
हादसे में सुल्तानपुर के चंदौर गांव निवासी अनिल श्रीवास्तव की पांच वर्षीय बेटी अनुष्का की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सीतारामपुर गांव की निवासी प्रिया (16), मधु (17), खुशबू (19), अंजू (19), लक्ष्मी (19), सुशीला (60) और बाबुल और उनकी पत्नी के साथ भोए जामो के रहने वाले प्रह्लाद प्रसाद श्रीवास्तव (58), रायबरेली के खेरवा निवासी ऊषा (40), मुसाफिरखाना के गाजनपुर दुवरिया की रहने वाली रीता (36), बाराबंकी के असंद्रा के पूरे इंद्रिरा निवासी और मानसी (17), नेवादा मुसाफिरखाना की रहने वाली जग्गू (65) व सुखराजी (60) व मुसाफिरखाना के कादीपुर की रहने वाली मनीसा (19) व निशा (22) और कल्लू (25) के साथ जगदीशपुर नसीराबाद की रहने वाली कुसुम (45) घायल हो गए।
घायलों को मुंशीगंज संजय गांधी अस्पताल, जिला अस्पताल गौरीगंज में भर्ती कराया गया। इसके अतिरिक्त अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हादसे के बाद मंगलगीत और शहनाई की जगह चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने पोस्टमॉर्टम करवाने से किया मना
इंस्पेक्टर गौरीगंज श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। परिजन अनुष्का का पोस्टमॉर्टम करवाने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद शव लेकर घर रवाना हो गए। वहीं इंस्पेक्टर मुंशीगंज शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अनुष्का की मौत के बाद मां किरन का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई अरुण और बहन अंशिका मां को रोता देख बिलख उठे। पिता अनिल श्रीवास्तव गमगीन हैं। परिजन व रिश्तेदार परिवार को ढांढस बधाने में जुटे रहे।