यूपी: मेले में खस्ता खाने से 17 लोग बीमार, मेडिकल कॉलेज में कराए गए भर्ती; दुकानदार के खिलाफ वाद दायर
अमेठी में शरद पूर्णिमा मेले में खस्ता-चाट खाने से 17 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए, जिन्हें तिलोई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में शिविर लगाकर 102 लोगों की जांच की, जबकि बिना अनुमति लगे मेले के चाट दुकानदार के खिलाफ वाद दायर कर तेल सप्लायर की तलाश शुरू कर दी गई है।
विस्तार
यूपी के अमेठी में शरद पूर्णिमा के मेले में खस्ता खाने से 17 लोग बीमार हो गए। उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद सभी को मेडिकल कॉलेज, तिलोई में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है। अस्पताल में भर्ती मरीजों की हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद बीमार लोगों के परिवारों में चिंता बनी हुई है। घटना मोहनगंज के पूरे कुटिया मजरे कोटवा गांव की है।
बीमार होने वालों में मम्मनगंज मजरे कोटवा निवासी अमरजीत (15), अंकुर (10), अंशुमन (6), शिवांश (14), नैंसी (15), राधिका (14), वंदना (15) और दिव्यांश (3) शामिल हैं। इनके अलावा कोटवा निवासी अरविंद (12), हस्मतुल निशा (18), जितेंद्र (17), अनुज (18), पूरे दान निवासी मनीषा (18), विमला (40), सलोनी (18), गुड़िया (50) और आदर्श (20) की भी तबीयत बिगड़ गई। सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज, तिलोई पहुंचाया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, धार्मिक स्थल पर लगे मेले में चाट की दुकान से खस्ता खाने के बाद लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। एक के बाद एक लोगों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। ग्राम प्रधान ने घटना की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी। इसके बाद गांव में जांच और उपचार की व्यवस्था की गई। चिकित्सक अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
सीएमओ की मौजूदगी में शिविर, 102 लोगों की जांच
गांव के 17 लोगों के बीमार होने की जानकारी के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह की मौजूदगी में गांव के प्राथमिक विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। यहां 102 लोगों की जांच की गई। जरूरत के अनुसार दवाएं दी गईं और खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में निगरानी कर रही है।
खराब तेल सेहत के लिए नुकसानदेह
डॉ. शुभम पांडेय के मुताबिक, दूषित भोजन और खराब गुणवत्ता वाले या बार-बार गर्म किए गए तेल में बने खाद्य पदार्थों से उल्टी-दस्त और फूड पॉइजनिंग का खतरा हो सकता है। खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की स्वच्छता पर ध्यान देना चाहिए। ऐसी परेशानी होने पर चिकित्सक से संपर्क करना जरूरी है।