अंबेडकरनगर। जिले में बीते 72 घंटे से लगातार हो रही बारिश के चलते जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़कें एवं गलियां जलाशय में तब्दील हो गईं। जिला मुख्यालय पर नई सड़क स्थित तमसा नदी के किनारे बनी तीन दुकानों में पानी घुस गया। इससे किराना व्यवसायी दिनेश कुमार को लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
इसके अलावा दो अन्य दुकानों में भी पानी घुसने से हजारों रुपये की क्षति हुई है। अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर दुकान में पानी भर गया। इल्तिफातगंज नगर पंचायत के इल्तिफातगंज बाजार में जलभराव होने से आधा दर्जन से अधिक नागरिकों के घरों में पानी घुस गया। सड़क पर भी घुटने तक पानी भर गया। इसके अलावा भीटी, जलालपुर, आलापुर, जहांगीरगंज, बसखारी, टांडा समेत कई अन्य क्षेत्रों में भी बारिश का पानी घरों व दुकानों में घुस गया।