कैफियात और सरयू-यमुना निरस्त होने से यात्री बेहाल
घने कोहरे ने ट्रेनों पर सबसे ज्यादा असर डाला है। अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि रविवार को कैफियात एक्सप्रेस अप व डाउन के साथ सरयू-यमुना एक्सप्रेस डाउन भी निरस्त हो गई तो एक दर्जन से अधिक ट्रेनें पांच से 28 घंटा तक विलंब से चल रही हैं। ट्रेनों के निरस्त होने एवं घंटों विलंब से चलने के चलते यात्रियों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ा।
सबसे अधिक समस्या रात्रि में यात्रा करने वाले लोगों को हुई। ट्रेनों की सही जानकारी न होने पर हाड़कंपाऊ ठंड में उन्हें गंतव्य तक जाने के लिए घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। गौरतलब है कि घने कोहरे के चलते एक तरफ जहां आमजन को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, वहीं ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है।
ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के चलते यात्रियों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेनों की रफ्तार पर घने कोहरे का किस कदर प्रभाव पड़ रहा, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि रविवार को कैफियात एक्सप्रेस डाउन व अप निरस्त हो गई। इसके अलावा रविवार सुबह नौ बजकर 45 मिनट पर अकबरपुर रेलवे स्टेशन आने वाली सरयू यमुना एक्सप्रेस भी निरस्त हो गई।
इससे इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले लोगों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ा। इसके अलावा शनिवार सुबह नौ बजकर 45 मिनट पर आने वाली पटना मथुरा डाउन ट्रेन निर्धारित समय से 28 घंटा तो सरयू-यमुना अप एक्सप्रेस रविवार सुबह निर्धारित समय नौ बजकर 14 मिनट से 14 घंटा विलंब से आने की सूचना थी।
इसके अलावा दून एक्सप्रेस अप निर्धारित समय एक बजे से पांच घंटा तो डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय 12 बजे से छह घंटा विलंब से चल रही थी। साबरमती डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय पांच बजकर 30 मिनट से सात घंटा, मरुधर एक्सप्रेस अप निर्धारित समय शनिवार देर शाम सात बजकर 45 मिनट से आठ घंटा लेट रही।
कोटा-पटना अप एक्सप्रेस रविवार देर शाम सात बजे से 10 घंटा, मऊ आनंद विहार अप निर्धारित समय रविवार देर रात दो बजे से 12 घंटा तथा डाउन ट्रेन निर्धारित समय डेढ़ बजे से 26 घंटा, जनता एक्सप्रेस डाउन ट्रेन रविवार भोर में तीन बजकर 30 मिनट से पांच घंटा तो सियालदाह एक्सप्रेस डाउन ट्रेन शनिवार देर रात निर्धारित समय साढ़े दस बजे से 11 घंटा विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने की सूचना थी।
इस बीच ट्रेनों के विलंब से पहुंचने की सही स्थिति की जानकारी पूछताछ काउंटर पर न हो पाने से यात्रियों को कड़ाके की ठंड में घंटों इंतजार करने को मजबूर होना पड़ा। मऊ जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे सुनील तिवारी व अभिमन्यु ने कहा कि न तो सूचना पट पर और न ही पूछताछ केंद्र से ट्रेनों की सटीक स्थिति की जानकारी नहीं हो रही है।
इससे मजबूरन उन्हें ट्रेन के निर्धारित समय पर रेलवे स्टेशन आना पड़ा। अब कड़ाके की ठंड में उन्हें ट्रेन का इंतजार करने को मजबूर होना पड़ रहा है। आजमगढ़ जाने के लिए रेलवे स्टेशन परिवार के साथ पहुंचे अब्दुल मन्नान को यहां पहुंचने के बाद ट्रेन के निरस्त होने की जानकारी मिली। कहा कि उन्होंने फोन पर जानकारी हासिल करने का प्रयास किया था, लेकिन स्थिति की सही जानकारी नहीं हो सकी।