फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ambedkar Nagar News ›   12 houses collapsed due to rain, two women died

बारिश से 12 मकान ढहे, दो महिलाओं की मौत

Fri, 17 Sep 2021 11:21 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Fri, 17 Sep 2021 11:21 PM IST
विज्ञापन
12 houses collapsed due to rain, two women died
अंबेडकरनगर के आदमपुर गांव में इस तरह बारिश के पानी से घिरा घर। - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। तेज हवा के साथ हो रही झमाझम बारिश से लोगों को शुक्रवार को भी राहत नहीं मिल सकी। शुक्रवार को तेज बारिश के बीच जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक घर ढह गए। इससे मलबे में दबकर एक महिला व युवती की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। इसके अलावा 6 से अधिक व्यक्ति मलबे में दबकर घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेज हवा के साथ हो रही बारिश के चलते एक दर्जन से अधिक पेड़ धराशायी हो गए, तो कई क्षेत्रों में विद्युत खंभे व तार टूटकर गिर पड़े। बारिश ने पूरे जिले की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से छिन्नभिन्न कर दी। गुरुवार की पूरी रात जहां समूचा जिला अंधेरे में रहा, तो वहीं शुक्रवार को भी जिले के ज्यादातर क्षेत्रों में बिजली नदारद रही। लगातार हो रही बारिश के चलते घरों व दुकानों में पानी घुस गया, जिससे संबंधित क्षेत्र के नागरिकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा जगह-जगह हुए जलभराव से नागरिकों को आवागमन में दिक्कतें हुईं।
विज्ञापन

लगभग 72 घंटे से तेज हवा के साथ हो रही बारिश का कहर जिले में लगातार जारी है। गुरुवार देर शाम से शुक्रवार दोपहर तक तेज हवा के साथ हो रही झमाझम बारिश के बीच जिले के कई क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक घर धराशायी हो गए। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत बनगांव ग्राम पंचायत मजरा टेढ़वा गांव निवासी रामरतन का कच्चा घर गुरुवार देर रात अचानक भराभराकर ढह गया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। चीख पुकार पर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। तेज हवा के साथ हो रही बारिश के बीच ग्रामीणों ने बचाव का कार्य प्रारंभ कर दिया।
विज्ञापन

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बाबूराम यादव भी मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए। जब तक मलबा हटाकर उसमें दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला गया, तब तक आरती (17) की मौत हो चुकी थी, जबकि वंशराजी, प्रवीण, मधु को गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मलबे में दबने से दो मवेशियों की भी मौत हो गई। सूचना पर तहसीलदार जेपी यादव, कोतवाल अमित कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और सभी जरूरी सहायता उपलब्ध कराए जाने का आश्वासन दिया। जलालपुर कोतवाली अंतर्गत करीमपुर गांव निवासी बरखू राजभर का कच्चा घर शुक्रवार भोर में गिर गया। इससे घर में सो रही बरखू की पत्नी ठकुरी (71) दब गई। जब तक मलबा हटाया गया, तब तक वृद्धा की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

उधर, महरुआ थाना अंतर्गत बरामदपुर जरियारी गांव निवासी निरंजन पुत्र ललई का घर बारिश के बीच धराशायी हो गया। इसी गांव निवासी विनोद कुमार का टिन शेड ढहने से उसके नीचे सो रही उसकी पत्नी विद्या देवी का सिर फट गया, जबकि पुत्री बबिता (24) के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी थाना अंतर्गत जैमलपुर सेमरी में निहोर के घर की दीवार ढह गई, जिससे पड़ोसी पवन कुमार पुत्र फिरतू का छप्परनुमा घर क्षतिग्रस्त हो गया।

भीटी थाना अंतर्गत प्रतापीपुर गांव निवासी बृजेश का कच्चा मकान ढह गया। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत बरधाभिउरा गांव निवासी जगराम यादव व बुधिराम का कच्चा मकान गुरुवार देर रात बारिश के बीच ढह गया। इसी गांव निवासी रामउजागिर की छप्परनुमा पशुशाला ढह गई। इसके अलावा इसी गांव के संतराम व फुलेहरी का कच्चा घर बारिश के बीच ढह गया। बसखारी थाना अंतर्गत तरौली मुबारकपुर में भी दो कच्चे मकान जमींदोज हो गए। इसके अलावा जलालपुर, टांडा, भीटी, आलापुर तहसील क्षेत्र में भी कई कच्चे मकान गिर गए। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत लोदीपुर गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद मिश्र की गोशाला शुक्रवार सुबह बारिश के बीच ढह गई। इसी कोतवाली अंतर्गत आदमपुर तिंदौली गांव निवासी जीतबहादुर निषाद का ट्यूबवेल ढह गया। इसी गांव निवासी संग्राम गौतम, देवीप्रसाद सिंह, मुन्नीलाल का कच्चा मकान गिर गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed