Prayagraj : महिला ने चुराई थी दरोगा की पिस्टल, पति समेत गिरफ्तार, दरोगा पर भी मुकदमा दर्ज, निलंबित
खुल्दाबाद में दरोगा की कार से चुराई गई पिस्टल बुधवार को बरामद कर ली गई। पिस्टल स्टेशन पर घूमने वाली बबिता उर्फ तमन्ना ने चुराई थी। पुलिस ने उसे व उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खुल्दाबाद में दरोगा की कार से चुराई गई पिस्टल बुधवार को बरामद कर ली गई। पिस्टल स्टेशन पर घूमने वाली बबिता उर्फ तमन्ना ने चुराई थी। पुलिस ने उसे व उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनका एक साथी 10 कारतूस लेकर फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। इससे पहले दरोगा के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार की गई बबिता मूल रूप से मंदर मोड़, शेखपुर थाना पूरामुफ्ती की रहने वाली है, जो मौजूदा समय में गढ़ीकला थाना शाहगंज में पति विशाल सोनकर के साथ रहती है। उसने विशाल संग प्रेम विवाह किया है जो ई-रिक्शा चलाता है। पुलिस अफसरों के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि 21 जनवरी की रात दरोगा अपनी इटियॉस गाड़ी से जंक्शन के गेट नंबर छह के पास पहुंचा था।
इस दौरान वह कार खड़ी कर मोबाइल से बात करने लगा था। तभी उन्होंने उसकी सरकारी पिस्टल गाड़ी से चुरा ली थी। विशाल ने बताया कि इस घटना में उसका साथी निहाल भी शामिल था। जिसने मैगजीन से 10 कारतूस निकाल लिए थे और वह भागा हुआ है। डीसीपी नगर संतोष कुमार मीना ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पिस्टल बरामद कर ली गई है।
फुटेज से हुई पहचान
एसीपी कोतवाली सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इस दौरान संदिग्ध नजर आने वाले दर्जनों लोगों से पूछताछ की गई। इसके बाद आरोपी महिला का पता चला। उससे पूछताछ की गई तो घटना का खुलासा हो गया। पूछताछ में उससे मिली जानकारी के आधार पर उसके पति को पकड़ा गया तो पिस्टल बरामद हो गई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दरोगा पर आपराधिक विश्वासघात के आरोप में केस
उधर इस मामले में दरोगा जगनारायण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उस पर आपराधिक विश्वासघात का आरोप लगा है। खुल्दाबाद इंस्पेक्टर अनुराग शर्मा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। बुधवार भोर में लिखे गए इस मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि दरोगा बिना रवानगी कराए सरकारी पिस्टल, मैगजीन व 10 कारतूस लेकर चले गए हैं। मोबाइल पर वार्ता करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों नंबर बंद मिले।
नैनी स्थित आवास जाने पर भी वह नहीं मिले। तहरीर में यह भी लिखा गया है कि जानकारी मिल रही है कि पिस्टल गायब होने के बाद मोबाइल बंद कर हट-बढ़ गए हैं। पिस्टल चोरी गई होती तो उन्हें थाने पर आकर सूचना देनी चाहिए थी। ऐसा लग रहा है कि उन्हाेंने जानबूझकर अपनी सरकारी पिस्टल मय मैगजीन-कारतूस हटा बढ़ा दिए हैं।