दूसरी शादी से रोकने पर पत्नी को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाया, पति समेत आठ पर हत्या का मुकदमा दर्ज
- पत्नी से ही मंगाया था पेट्रोल, बोला- बाइक की टंकी खाली है
विस्तार
धूमनगंज में पति को दूसरी शादी से रोकने पर फरहीन बानो(22) को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। वारदात तब हुई जब वह पति की दूसरी शादी का विरोध करने सुलेमसराय स्थित ससुराल पहुंची थी। गंभीर रूप से झुलसी हालत में उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां कुछ घंटों बाद उसने दम तोड़ दिया। मृतका के भाई ने पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों को नामजद कराया है। वारदात के बाद से सभी आरोपी घर छोडक़र भागे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि उनकी तलाश की जा रही है।
फरहीन पुत्री अब्दुल हमीद कालिंदीपुरम में अपने भाइयों व मां के साथ रहती थी। भाई सरवर आलम ने बताया कि सुलेमसराय निवासी अतीक कुरैशी ने 2017 में उसकी बहन से कोर्ट मैरिज की थी। लेकिन परिवारवालों की रजामंदी की बात न कहकर वह उसे अपने घर नहीं ले गया। तब से फरहीन मायके मेें ही रह रही थी। आरोप है कि 30 जून को उसे पता चला कि अतीक किसी और लडक़ी से निकाह कर रहा है जिस पर वह ससुराल पहुंची तो उसे मारपीट कर भगा दिया गया। इसके बाद शुक्रवार रात अतीक ने उसे अपने घर फैसला करने बुलाया।
पीड़िता बोली- मंगाया था पेट्रोल, घर छोड़ने का किया था वादा
वारदात के बाद अस्पताल ले जाते वक्त पीड़िता ने कैमरे के सामने बयान भी दिया। इसमें उसने बताया कि घटना में प्रयुक्त पेट्रोल आरोपी अतीक ने उससे ही मंगाया था। उसका कहना था कि घर बुलाते वक्त अतीक ने कहा था कि उसकी बाइक की टंकी खाली है, एक लीटर पेट्रोल लेकर आना, मैं तुम्हें घर छोड़ दूंगा। लेकिन वहां पहुंचने पर उसी पेट्रोल को छिडक़कर उसे जिंदा जला दिया।