Prayagraj Weather : तीन दिनों तक छाए रहेंगे बादल, होती रहेगी फुहारों संग जमकर बारिश, मौसम रहेगा सुहावना
मौसम विभाग की ओर से रविवार को तेज बारिश का एलर्ट जारी किया गया था। सुबह से इसी तरह का मौसम भी बना रहा। बीच-बीच में धूप भी निकल जा रही थी लेकिन दिन में करीब एक बजे बारिश शुरू हुई तो रुक-रुक देर रात तक होती रही। शाम को छह बजे बारिश शुरू हो गई जो करीब एक घंटे तक होती रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लगातार बारिश और रिमझिम फुहारों के चलते मौसम सुहावना हो गया है। सावन का महीन शुरू होने के साथ शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। रिमझिम फुहारों के बीच-बीच में तेज बारिश भी हुई। इससे मौसम सुहाना रहा लेकिन कई जगहों पर सड़कों पर किनारे जलभराव हो जाने से शहरी परेशान भी हुए। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी बादल छाए रहने के साथ बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग की ओर से रविवार को तेज बारिश का एलर्ट जारी किया गया था। सुबह से इसी तरह का मौसम भी बना रहा। बीच-बीच में धूप भी निकल जा रही थी लेकिन दिन में करीब एक बजे बारिश शुरू हुई तो रुक-रुक देर रात तक होती रही। शाम को छह बजे बारिश शुरू हो गई जो करीब एक घंटे तक होती रही।
कई बार तेज बारिश भी हुई। इससे जार्जटाउन, चंद्रशेखर आजाद पार्क के सामने समेत कई स्थानों पर सड़कों पर किनारे पानी लग गया। इससे आवागमन प्रभावित हुआ। जहां सड़कों का चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण का काम चल रहा है वहां लोगों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। कीचड़ एवं गड्ढों की वजह से दुर्घटना की आशंका बनी रही। अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने के साथ बारिश के आसार हैं। बुधवार को एक बार फिर बहुत तेज बारिश के आसार हैं।
स्वरूपरानी अस्पताल समेत कई स्थानों पर गिरे पेड़
शनिवार को हवा संग हुई बारिश में स्वरूपरानी अस्पताल के गेट के सामने समेत कई जगहों पर पेड़ गिर गए। इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन कई वाहन दब गए। इसके अलावा नवाब युसूफ रोड पर रात में रास्ता भी बाधित हो गया।
निर्माण कार्यों के लिए सड़कों पर जगह-जगह खोदाई की गई है। इसकी वजह से पेड़ों की जमीन से पकड़ भी कमजोर पड़ गई है। इसका नतीजा रहा कि शनिवार को बहुत तेज बारिश तो नहीं हुई लेकिन कई जगह पेड़ गिर गए। दिन में बारिश के दौरान एजी ऑफिस के पास पेड़ गिर गया। इससे वहां आवागमन प्रभावित हो गया। नगर निगम की टीम ने जेसीबी से पेड़ हटवाया। दिन में सर्किट हाउस में भी जनरेटर के ऊपर एक पेड़ गिर गया। हालांकि दोनों स्थानों पर किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पेड़ों के गिरने का सिलसिल रात में जारी रहा। बारिश के दौरान करीब साढ़े आठ बजे स्वरूपरानी अस्पताल गेट के सामने एक विशाल पेड़ गिर गया। शिक्षा विभाग के परिसर में लगा पेड़ जड़ से उखड़ गया और गिर पड़ा। मोटरसाइकिल और स्कूटी के अलावा ठेलिया भी पेड़ की चपेट में आई गई। वहां दुकानों पर सैकड़ों लोग मौजूद रहे। हालांकि लोग बाल-बाल बच गए तथा किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं है।
हालांकि, कुछ लोग पेड़ की दूसरी तरफ फंस गए थे जिन्हें वहां मौजूद सोनू यादव तथा अन्य लोगों ने निकाला। पेड़ अस्पताल के मुख्य गेट से कुछ दूर गिरा है। इससे अस्पताल में आवागमन तो बाधित नहीं हुआ है लेकिन गली की तरफ जाने वाला रास्ता बंद हो गया। इसकी वजह से लोगों को दवाइयां आदि सामान लेने में परेशानी उठानी पड़ी। देर रात तक पेड़ वैसे ही पड़ा रहा। नवाब युसूफ रोड पर भी इसी दौरान पाकड़ का विशाल पेड़ गिर गया। वह डिवाइडर के दोनों तरफ गिरा था। इससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। सूचना पर नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर पहुंच गई थी।