आरओ/एआरओ मुख्य परीक्षा : पहले दिन 93 फीसदी अभ्यर्थी शामिल, घुमाकर पूछे गए इन सवालों ने उलझाया
आरओ/एआरओ के 354 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा 26 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए प्रयागराज, लखनऊ और गाजियाबाद में नौ केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में परीक्षा के लिए कुल 3941 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जिनमें से पहले दिन परीक्षा में 3679 अभ्यर्थी शामिल हुए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ)-2021 की मुख्य परीक्षा रविवार से शुरू हो गई। पहले दिन 93 फीसदी अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पहले सत्र में आयोजित सामान्य अध्ययन (प्रारंभिक परीक्षा जैसा) के प्रश्नपत्र की परीक्षा में प्रश्न तो वस्तुनिष्ठ प्रकार के थे, लेकिन सवाल घुमाकर पूछे गए और अभ्यर्थियों को जवाब देने में मशक्कत करनी पड़ी।
आरओ/एआरओ के 354 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा 26 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए प्रयागराज, लखनऊ और गाजियाबाद में नौ केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में परीक्षा के लिए कुल 3941 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जिनमें से पहले दिन परीक्षा में 3679 अभ्यर्थी शामिल हुए।
पहले सत्र में सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक सामान्य अध्ययन के प्रश्नपत्र की परीक्षा और दूसरे सत्र में अपराह्न दो से 4.30 बजे तक खंड-1 में परंपरागत सामान्य हिंदी एवं आलेखन की परीक्षा और खंड-2 में शाम 4.30 से पांच बजे तक सामान्य शब्द ज्ञान एवं व्याकरण की परीक्षा आयोजित की गई।
प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों के लेखक सिद्धार्थ श्रीवास्तव के अनुसार पहले सत्र में सामान्य अध्ययन की परीक्षा में पूछे गए वस्तुनिष्ठ प्रकार के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया। सवाल सीधे-सपाट होने के बजाय घुमाकर पूछे गए। सुमेलित करने वाले और कूट आधारित सवालों ने अभ्यर्थियों का काफी समय लिया।
गणना आधारित प्रश्नों ने भी थोड़ा परेशान किया। वहीं, अभ्यर्थियों का कहना है कि पेपर के पैटर्न में मामूली बदलाव नजर आया। ऐसे में रटे-रटाए पैटर्न पर तैयारी करके परीक्षा देने वालों को थोड़ी दिक्कत हुई। दूसरे सत्र में हुई पपंरागत सामान्य हिंदी एवं आलेखन की परीक्षा में सवाल संतुलित रहे, जबकि सामान्य शब्द ज्ञान एवं व्याकरण की आधे घंटे की परीक्षा में अभ्यर्थियों को सवाल आसान लगे।
सोमवार को हिंदी और अनुवाद की परीक्षा
25 अप्रैल को पहली पाली में सुबह 9.30 से अपराह्न 12.30 बजे तक हिंदी निबंध और दूसरी पाली में अपराह्न दो से शाम पांच बजे तक केवल समीक्षा अधिकारी (हिंदी) के अभ्यर्थियों की अनुवाद की परीक्षा होगी।
मुख्य परीक्षा में पूछे गए कुछ प्रमुख सवाल
सवाल- वर्ष 2020 का प्रथम दिन बुधवार था। वर्ष 2021 का अंतिम दिन क्या था?
विकल्प- बृहस्पतिवार, शुक्रवार, शनिवार, रविवार
सवाल- 1 जनवरी, 2022 से 1 जनवरी, 2027 के बीच कितनी बार ‘29 तारीख’ पड़ेगी?
विकल्प- 55, 65, 56, उपर्युक्त में से कोई नहीं
सवाल- अगर MET, SET और TET को क्रमश: 52, 76 और 80 से कूट किया जाता है, तो PET का कूट क्या होगा?
विकल्प- 48, 56, 64, 72
सवाल- लड़कों की एक पंक्ति में सोहन पीछे से 9वें स्थान पर है, रमेश आगे से 8वें स्थान पर है। रोहित उन दोनों के बीच में है। पंक्ति में खड़े लड़कों की न्यूनतम संख्या क्या हो सकती है?
विकल्प- 10, 12, 14, 15
सवाल- गंगा नदी उत्तर प्रदेश में किस जनपद से प्रवेश करती है?
विकल्प- बिजनौर, मेरठ, सहारनपुर, जेपी नगर
सवाल- दिसंबर 2021 में संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति द्वारा आयोजित लोकतंत्र के शिखर सम्मेलन में दक्षिण एशिया के निम्नलिखित में से कौन से देश शामिल हुए?
विकल्प- भारत, नेपाल और मालदीव, भारत, पाकिस्तान और नेपाल, भारत, श्रीलंका और मालदीव, भारत, भूटान और नेपाल
सवाल- ‘डेथ इन बनारस’ पुस्तक के लेखक कौन हैं?
विकल्प- मीना कौशिक, जोनाथन पैरी, बीडी त्रिपाठी, रॉन बैरेट
सवाल- अगर किसी समय राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति दोनों का पद रिक्त हो जाए, तब राष्ट्रपति का कार्य कौन करेगा?
विकल्प- प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, भारत के प्रधान न्यायाधीश, उपर्युक्त में से कोई नहीं