यूपीः डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का एलान- यूपी बोर्ड के टॉपर्स के नाम से बनेगी पक्की सड़क
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने यूपी बोर्ड का रिजल्ट आने के बाद हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के टॉपर्स को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दसवीं और 12वीं की परीक्षा में टॉप करने वाले 20 छात्र-छात्राओं के घर तक सरकार पक्की सड़क बनाएगी। साथ ही सड़क का नाम टॉपर के नाम पर होगा। केशव ने टॉपरों को एक-एक लाख रुपये नकद और लैपटाप देने की भी बात कही।
सर्किट हाउस में केशव ने कहा कि मैं यूपी बोर्ड के सभी उत्तीर्ण छात्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। आशा करता हूं कि आगे भी आगामी कक्षाओं में छात्र-छात्राएं अच्छा प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा उन सभी छात्रों की निराशा को समझता हूं, जो विद्यार्थी इस परीक्षा में असफल रहे।
संवाददाताओं से हुई बातचीत में केशव ने कहा कि यूपी बोर्ड ही नहीं सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड के टॉपरों के नाम पर भी सरकार शानदार पक्की बनाई जाएगी। अगर संबंधित विद्यार्थी के स्कूल तक सड़क नहीं है तो लोक निर्माण विभाग के मंत्री के रूप में मेरा वादा है कि स्कूल तक सड़क का निर्माण कर उसका नामकरण टॉपर विद्यार्थी के नाम पर ही होगा।