यूपी विधानसभा चुनाव : शहर उत्तरी विधानसभा में ब्राह्मण या ठाकुर उम्मीदवार पर दांव लगा सकती है भाजपा
विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सभी पार्टियों ने विधानसभा सीटों पर जातिगत समीकरण के हिसाब से जिताऊ प्रत्याशियों की खोज शुरू कर दी है। शहर उत्तरी विधानसभा के अंतर्गत प्रयागराज मुख्य शहर का आधा से ज्यादा हिस्सा आता है। यहां से अब तक ब्राह्मण या राजपूत प्रत्याशी की जीतते आ रहे हैं। इस बार डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के भी इस सीट से लड़ने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधानसभा चुनाव में भाजपा के विजय रथ की कमान शहर उत्तरी विधानसभा में इस बार किसे दी जाएगी उसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। पिछले कई वर्ष से उत्तरी विधानसभा भाजपा के गढ़ के रूप में मानी जाती रही है। बीते दो लोकसभा चुनाव और एक विधानसभा चुनाव में मिले मत भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि उत्तरी विधानसभा फतेह करना भाजपा के लिए अन्य विधानसभा के मुकाबले ज्यादा आसान है। अब अगले वर्ष विधानसभा चुनाव है। बताया जा रहा है कि इस सीट से भाजपा किसी ब्राह्मण या ठाकुर उम्मीदवार पर अपना दांव लगा सकती है।
जातिगत समीकरण के हिसाब से भाजपा पिछले कुछ वर्ष से शहर की तीनों विधानसभा से सवर्ण को ही टिकट देती रही है। वर्तमान समय शहर पश्चिमी विधानसभा सीट से वर्तमान समय कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह तो दक्षिण विधानसभा से उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी मौजूदा विधायक है। सिद्धार्थ नाथ सिंह कायस्थ तो नंदी वैश्य बिरादरी से हैं। इन दोनों ही सीटों पर पार्टी प्रत्याशी बदलेगी इस बात की संभावना बहुत कम है।
वर्तमान में हर्षवर्धन बाजपेयी कर रहे हैं प्रतिनिधित्व
रही बात उत्तरी विधानसभा सीट की तो मौजूदा समय इस सीट से हर्षवर्धन बाजपेयी विधायक हैं। जो बाह्मण है। उत्तरी विधानसभा में बीते कुछ चुनाव से ठाकुर और ब्राह्मण प्रत्याशी ही चुनाव जीतते रहे हैं। दक्षिण और पश्चिम विधानसभा में वैश्य और कायस्थ उम्मीदवार तकरीबन तय होने की वजह से उत्तरी विधानसभा में ब्राह्मण और ठाकुर उम्मीदवारों पर ही भाजपा पदाधिकारी मंथन कर रहे हैं। इस बार इसी सीट से कई विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी के साथ कई अन्य नाम भी सामने आए हैं।
ब्राह्मणों की बात करें तो यहां डा. एलएस ओझा, कविता यादव त्रिपाठी, शैलेश पांडेय, विजय द्विवेदी, राधाकांत ओझा, मृत्युंजय तिवारी आदि के नाम प्रमुख रूप से लिए जा रहे हैं। इसी तरह ठाकुर बिरादरी से सुबोध सिंह, विक्रमजीत भदौरिया ने अपनी दावेदारी पेश की है। हालांकि इस सीट से वैश्य बिरादरी से भी पार्टी के कुछ नेताओं की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। इसमें प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री डा. कीर्तिका अग्रवाल, काशी प्रांत उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय आदि के नाम शामिल है।
1980 से ठाकुर और ब्राह्मण उम्मीदवार ही रहे हैं विजयी
प्रयागराज उत्तरी विधानसभा में बीते 41 वर्ष से ठाकुर और ब्राह्मण बिरादरी के ही विधायक काबिज रहे हैं। इस सीट से चार-चार बार अनुग्रह नारायण (वर्ष1985, 1989, 2007, 2012), डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौर (वर्ष 1991, 1993, 1996, 2002), एक-एक बार हर्षवर्धन बाजपेयी (वर्ष 2017 से अब तक) और उनके पिता अशोक बाजपेयी (वर्ष 1980) विधायक के रूप में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
डिप्टी सीएम के भी चुनाव लड़ने की चर्चा
उत्तरी विधानसभा सीट से इस बार डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के भी चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं। बीते कुछ माह के दौरान यहां आयोजित तमाम कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी से इस बात के संकेत भी मिले हैं। अगर डिप्टी सीएम इस सीट से चुनाव लड़ते हैं तो ब्राह्मण, ठाकुर, वैश्य आदि बिरादरी के भाजपा नेताओं का पत्ता अपने आप ही कट जाएगा। प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुबोध सिंह कहते हैं कि शहर उत्तरी से डिप्टी सीएम को ही चुनाव लड़ना चाहिए। वे अगर चुनाव लड़ते हैं तो एक लाख से ज्यादा मत से उनकी जीत सुनिश्चित है।