Umesh Pal Hatyakand : अतीक के ध्वस्त घर से बैग बरामद, आईफोन, रजिस्टर और असद का आधार कार्ड मिला
अतीक अहमद के पांच गुर्गों की पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान पुलिस को कई सनसनीखेज जानकारी मिली है। अतीक के नौकर राकेश उर्फ लाला की निशानदेही पर चकिया स्थित अतीक के ध्वस्त घर से एक बैग बरामद किया गया है।
विस्तार
अतीक अहमद के पांच गुर्गों की पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान पुलिस को कई सनसनीखेज जानकारी मिली है। अतीक के नौकर राकेश उर्फ लाला की निशानदेही पर चकिया स्थित अतीक के ध्वस्त घर से एक बैग बरामद किया गया है। बैग से एक आईफोन, रजिस्टर और असद का आधार कार्ड बरामद किया गया है। राकेश और कैश अहमद ने पुलिस को बताया कि अतीक के कार्यालय में जो रुपये और असलहे बरामद हुए थे, वह उन्हें शाइस्ता परवीन ने दिए थे।
दोनों ने अतीक के कुछ और गुर्गों के नाम बताए हैं, जिन पर शाइस्ता बहुत विश्वास करती थी।पुलिस ने मंगलवार को अतीक के गुर्गों नियाज अहमद, मो. सजर, कैश अहमद अरशद कटरा और राकेश उर्फ लाला से पुलिस कस्टडी रिमांड में पूछताछ की। इस दौरान अतीक के नौकर राकेश उर्फ लाला ने पुलिस को एक सनसनीखेज जानकारी दी कि चकिया में अतीक के ध्वस्त घर के मलबे में एक बैग रखा है। विवेचक तथा अन्य पुलिस अधिकारी राकेश को लेकर अतीक के घर पहुंचे। यहां उसकी निशानदेही पर मलबे से बैग बरामद कर लिया गया।
रजिस्टर में लिखे थे हिसाब किताब
बैग में आई फोन, असद का आधार कार्ड और एक रजिस्टर था। सूत्रों के मुताबिक फौरी तौर पर रजिस्टर को देखा गया। उसमें हिसाब किताब लिखे थे। उमेश पाल हत्याकांड के बाद तमाम लोगों को रुपये बांटे गए थे। तमाम नाम और उनके आगे पैसा लिखा। उमेश पाल की हत्या से संबंधित तमाम राज रजिस्टर में लिखे थे। अतीक के बेटे असद का आधार कार्ड भी बैग में मिला। इसके अलावा एक आईफोन भी मिला है। प्रारंभिक जांच के बाद यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आईफोन किसका है।
राकेश और कैश ने पूछताछ में यह भी बताया है कि अतीक के करबला स्थित कार्यालय से जितने असलहे, कारतूस और कैश बरामद हुआ था। वह सब शाइस्ता परवीन ने दिए थे। इतना ही नहीं उमेश पाल की रेकी करने वाले नियाज, सजर और अरशद कटरा के पास से जितने रुपये बरामद हुए थे, वे भी शाइस्ता ने ही दिए थे। दोनों ने शाइस्ता और परिवार वालों के करीबी कई नौकरों के नाम बताए हैं जिन पर वह काफी विश्वास करती थीं। जिन लोगों के नाम गुर्गो ने बताए हैं, उनकी तलाश की जा रही है।