Umesh Pal Hatyakand :हेड कांस्टेबिल की बेटी शाइस्ता पुलिस के लिए बन गई पहेली
पुलिस अधिकारी काफी दिनों से कह रहे हैं कि शाइस्ता न मिलीं तो उस पर इनाम बढ़ाया जाएगा। उसके पोस्टर जारी किए जाएंगे लेकिन पुलिस उसे ढूंढ नहीं पा रही है।
विस्तार
अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन पुलिस के लिए पहेली बन गई है। उसकी तलाश में प्रयागराज से लेकर कौशाम्बी तक छापेमारी की जा रही है लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला है।
दूसरी ओर शाइस्ता ने अपने वकीलों के माध्यम से याचिकाएं दाखिल कर रखी हैं, इससे साफ है कि वे कम से कम अपने वकीलों के संपर्क में तो है ही लेकिन उसके बारे में कुछ पता नहीं लगा पा रही है।
शाइस्ता परवीन हेड कांस्टेबल फारुख की बेटी है। शादी से पहले वह अलग-अलग थानों के सरकारी क्वार्टर में रही है। उसकी परवरिश का ज्यादा हिस्सा प्रतापगढ़ में बीता। यहां भी पट्टी कोतवाली में फारुख का परिवार कई साल रहा है।
थानों के हेडक्वार्टर में पली-बढ़ी इसलिए जानती है सब दांवपेंच
यहीं रहते हुए शाइस्ता की अतीक से शादी हुई थी। वह थाने के क्वार्टर में पली बढ़ी है, हेड कांस्टेबल की बेटी है, इसलिए पुलिस के दांवपेंचों से अच्छी तरह वाकिफ है। कई बार ऐसा हुआ कि पुलिस ने किसी गांव में दबिश दी, पता चला कि शाइस्ता कुछ घंटे पहले ही निकल गई। वह लगातार अपनी रिहाइश बदल रही है।
मोबाइल का प्रयोग नहीं कर रही है। न ही वे अपने करीबियों से संपर्क में हैं। इसी कारण पुलिस उसे नहीं पकड़ पा रही है। शाइस्ता को पकड़ने के लिए पुलिस राजरूपपुर, चकिया, मरियाडीह, असरौली, असरावल, हटवा और पूरामुफ्ती के तमाम गांवों में दबिश दे रही है।
उसे कौशांबी के कछारी इलाकों के गांवों में भी खोजा रहा है। पुलिस अधिकारी काफी दिनों से कह रहे हैं कि शाइस्ता न मिलीं तो उस पर इनाम बढ़ाया जाएगा। उसके पोस्टर जारी किए जाएंगे लेकिन पुलिस उसे ढूंढ नहीं पा रही है।