Kaushambi: महिला बैंक मैनेजर पर एसिड अटैक के दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
प्रयागराज के खुल्दाबाद क्षेत्र के काला डांडा निवासी राजू राय सोनकर की बेटी दीक्षा सोनकर चरवा कोतवाली के सैयद सरावां स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में प्रबंधक हैं। आठ अगस्त को वह अपनी स्कूटी से बैंक जा रहीं थीं। जैसे ही वह चिल्ला शहबाजी गांव के पास पहुंचीं तभी पीछे से आए सफेद रंग की अपाचे सवार दो बदमाशों ने उन पर एसिड फेंक दिया।
विस्तार
बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा प्रबंधक दीक्षा सोनकर पर एसिड अटैक करने वाले दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। जबकि एसओजी प्रभारी की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। मौका पाकर दो बदमाश भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों ने कुबूल किया है कि बैंक में फर्जी लोन पास कराने वाले एक मास्टर माइंड से सुपारी लेकर मैनेजर को डराने के लिए हमला किया था। पुलिस ने हमलावरों के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक और तमंचे बरामद किए हैं।
प्रयागराज के खुल्दाबाद क्षेत्र के काला डांडा निवासी राजू राय सोनकर की बेटी दीक्षा सोनकर चरवा कोतवाली के सैयद सरावां स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में प्रबंधक हैं। आठ अगस्त को वह अपनी स्कूटी से बैंक जा रहीं थीं। जैसे ही वह चिल्ला शहबाजी गांव के पास पहुंचीं तभी पीछे से आए सफेद रंग की अपाचे सवार दो बदमाशों ने उन पर एसिड फेंक दिया। हेलमेट लगा होने का करण चेहरा तो बच गया लेकिन शरीर का अधिकांश हिस्से झुलस गए। मामले में प्रबंधक के पिता ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी हेमराज मीना ने घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया था।
मंगलवार देर रात पता चला कि कुछ बदमाश चरवा कोतवाली के नोहरी के पुरवा के समीप बाग में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस पर चरवा इंस्पेक्टर संतोष शर्मा और एसओजी प्रभारी सिद्धार्थ सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पकड़े गए, जबकि उनके दो साथी भाग निकले। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि एसओजी प्रभारी सिद्धार्थ सिंह के बुलेट प्रूफ जैकेट में भी गोली लग गई।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान क्षेत्र के ही रामपुर निवासी दिलीप व पिपरी कोतवाली के काठगांव निवासी मानसिंह के रूप में हुई। पकड़े गए बदमाशों ने मैनेजर पर एसिड फेंकने की बात कुबूल कर ली। बताया बैंक में फर्जी लोन पास कराने वाले एक मास्टर माइंड ने उन्हें एसिड फेंकने के लिए सुपारी दी थी। इसके अलावा उनका बैंक लोन कराने का भी लालच दिया। बदमाशों के पास से वारदात में प्रयुक्त बाइक, तमंचे व कारतूस बरामद हुए हैं। गोली लगने से जख्मी बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इनका कहना है
बैंक मैनेजर पर एसिड अटैक करने वाले दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए हैं। घटना को बैंक में फर्जी तरीके से लोन कराने वाले मास्टर माइंड के इशारे पर अंजाम दिया गया है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही हैं। -हेमराज मीना, एसपी