प्रयागराज : टेरर फंडिंग में तीन हैंडलर्स उठाए गए, पूछताछ जारी
करेली के सी ब्लाक में जीशान को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और एटीएस ने संयुक्त ऑपरेशन में उसके घर से गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर नैनी के डांडी इलाके से शाहरुख के पोल्ट्री फार्म से एटीएस ने आईईडी बरामद की थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टेरर फंडिंग और संदिग्ध आतंकियों के मददगारों की तलाश में एटीएस व पुलिस ने बुधवार को भी जिले के करेली, नैनी और मुट्ठीगंज समेत कई इलाकों में छापे मारकर कर तीन हैंडलर्स को उठाया है। पुलिस एक डॉक्टर के घर पर भी गई थी। हालांकि डॉक्टर को पकड़ा नहीं गया है। मंगलवार को करेली से संदिग्ध आतंकी जीशान के पकड़े जाने के बाद से ही उसके मददगारों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
करेली के सी ब्लाक में जीशान को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और एटीएस ने संयुक्त ऑपरेशन में उसके घर से गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर नैनी के डांडी इलाके से शाहरुख के पोल्ट्री फार्म से एटीएस ने आईईडी बरामद की थी। एटीएस ने लंबी पूछताछ के बाद जीशान को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया था। पूछताछ के बाद एटीएस और पुलिस ने मंगलवार रात और बुधवार दिन में कई जगह दबिश दी।
सीसीटीवी में दिखे युवकों की तलाश
नैनी में शाहरुख के पोल्ट्री फार्म के पास सीसीटीवी फुटेज में शाहरुख और उसके तीन दोस्त दिख रहे हैं। शाहरुख की तो तलाश हो ही रही है, उसके साथ दिख रहे युवकों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। शाहरुख के करीबियों से उनके लड़कों के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला है।
एटीएस ने प्रयागराज से जीशान के साथ मो. ताहिर उर्फ मदनी को भी गिरफ्तार कर लिया। मदनी को सबसे पहले मंगलवार तड़के एटीएस ने पकड़ लिया था। उससे 24 घंटे तक पूछताछ के बाद बुधवार को एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया। आगे की जांच दिल्ली पुलिस ही करेगी।
एटीएस की टीम ने मंगलवार तड़के सबसे पहले ताहिर उर्फ मदनी को उसके ट्रैवल एजेंसी से पकड़ा था। जीशान के बारे में पूछताछ के बाद पुलिस उसे लेकर सीधे जीशान के घर पहुंची। ताहिर ने जीशान की पहचान कराई, इसके बाद उसे पकड़ लिया गया। ताहिर और जीशान दोनों को पुलिस लाइन ले जाया गया। वहां टेरर फंडिंग को लेकर जीशान और ताहिर से लंबी पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने नैनी के डांडी में छापा मारकर शाहरुख के पोल्ट्री फार्म से आईईडी बरामद किया था। जीशान को तो मंगलवार को गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया था लेकिन ताहिर उर्फ मदनी से 24 घंटे तक पूछताछ की गई।
बुधवार शाम एटीएस ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि ताहिर उर्फ मदनी को गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है। एटीएस सूत्रों ने बताया कि टेरर फंडिंग में ताहिर की भूमिका सामने आने के बाद उसे पकड़ा गया। आगे की जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल करेगी। बुधवार को ताहिर के पकड़े जाने की खबर के बाद उसके जीटीबी नगर पर मीडियाकर्मियों तथा अन्य लोगों का भारी जमावड़ा हो गया था। इसके बाद शाम को उसके घर वाले घर में ताला लगाकर किसी रिश्तेदार के घर चले गए।
शाहरुख के मौसा से दिन में कई बार हुई पूछताछ
प्रयागराज। नैनी के डांडी मुहल्ले में मंगलवार को शाहरुख के पोल्ट्री फार्म से आईईडी बरामद हुई थी। फार्म की देखरेख शाहरुख के मौसा मो. अजीज करते हैं। वे परिवार समेत फार्म के बगल में ही रहते हैं। फार्म से आईईडी मिलने के बाद बुधवार को दिन में कई टीमें मो. अजीज से पूछताछ करने पहुंची। पूरा परिवार घटना से सकते में था। सुबह तो परिवार वालों ने मीडियाकर्मियों से बात की थी लेकिन शाम होते होते उन्होंने घर के दरवाजे बंद कर दिए थे।
मदरसा संचालक व भाई की पुलिस कर रही तलाश
टेरर फंडिंग के मामले में एटीएस ने मंगलवार को मदरसे के संचालक सैफुर्रहमान और उसके भाई उबैदुर्रहमान के वसीहाबाद स्थित घरों पर छापे मारे थे, हालांकि दोनों ही नहीं मिले थे। उबैदुर्रहमान तो पिछले कई दिनों से गायब है। उसका मोबाइल नंबर भी बंद है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों की तलाश की जा रही हैं। उनसे पूछताछ के बाद पता चलेगा कि टेरर फंडिंग में उनकी संलिप्तता है या नहीं।
एटीएस और दिल्ली पुलिस की टीम जीशान को पकड़ने के बाद सबसे पहले मुफ्ती सैफुर्रहमान और फिर उसके भाई उबैदुर्रहमान के घर गई। हालांकि दोनों लोग नहीं मिले। उनके मोबाइल भी बंद थे। उबैदुर्रहमान के घर की महिलाओं ने बताया कि वह चार दिन पहले लखनऊ जाने की बात कहकर निकले थे। उसके बाद से उनका मोबाइल भी बंद है। टीम ने दोनों के घर वालों से उनके सभी संभावित ठिकानों, करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों के नाम फोन नंबर नोट किए। बुधवार को भी पुलिस दोनों के घर पर नजर बनाए हुए थी। पुलिस अधिकारी इस बारे में कुछ भी नहीं बता रहे हैं कि दोनों भाइयों के घर आखिर एटीएस क्यों गई थी?
करेली तथा आसपास के इलाकों में बुधवार को दिन भर टेरर फंडिंग को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। मुफ्ती सैफुर्रहमान और उसके भाई उबैदुर्रहमान के घर के पास लोग दिन भर पहुंचते रहे। एक दूसरे से ही नहीं मीडियाकर्मियों से भी लोग पूछते रहे कि और किसी का नाम तो नहीं आ गया? इस मसले पर सोशल मीडिया पर दिन भर चर्चा होती रही। कुछ लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया तो कुछ ने इसे आने वाले चुनाव से प्रेरित बताया।