डॉ.बंसल की संपत्तियां होंगी नीलाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जीवन ज्योति हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. एके बंसल और उनकी पत्नी डॉ. वंदना बंसल की करोड़ों रुपये की संपत्ति नीलाम होगी। कर्ज लेने के बाद ब्याज और बकाया धन नहीं चुकता करने पर बैंक ऑफ इंडिया ने डॉक्टर दंपति की संपत्तियों की नीलामी का ऐलान किया है। उनकी संपत्तियों में इलाहाबाद में बाई का बाग, जार्जटाउन, करछना में प्लॉट और दुकान है, जबकि गुड़गांव में डॉक्टर दंपति का एक कीमती फ्लैट भी है।
मरीजों की मौत के बाद मारपीट और हंगामे की वजह से जीवन ज्योति हॉस्पिटल अक्सर सुर्खियों में रहता है। निदेशक डॉ. एके बंसल और उनके कर्मचारियों के खिलाफ इलाज में लापरवाही से मौत, हत्या, मारपीट, बलवा के एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। डॉ. बंसल पर धोखाधड़ी का भी केस दर्ज कराया जा चुका है। अब डॉक्टर दंपति नई मुश्किल में फंस गए हैं। बैंक ऑफ इंडिया ने उनकी करोड़ों रुपये कीमत की संपत्तियों की नीलामी का इश्तहार जारी कर दिया है। उन संपत्तियों को नीलाम किया जाएगा जिन्हें कर्ज लेने के दौरान डॉ. बंसल ने बैंक में गिरवी रखा था। बैंक ऑफ इंडिया की ओर से जारी इश्तहार में ज्यादातर संपत्ति बाई का बाग में जीवन ज्योति हॉस्पिटल परिसर और उससे सटी हैं।
इसमें कुछ संपत्ति का स्वामित्व डॉ. बंसल और कुछ संपत्ति उनकी पत्नी डॉ. वंदना बंसल के नाम है। इसके अलावा नीलाम होने वाली संपत्तियों में जार्जटाउन में डॉ. बंसल का एक प्लाट जो उनके बेटे हर्षित के नाम है। अरैल में मेसर्स ज्योति मेडी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड की 8205 मीटर भूमि तथा गुड़गांव में भी एक करोड़ 22 लाख रुपये का एक फ्लैट है। बैंक से जारी घोषणा के अनुसार, डॉक्टर दंपति की नीलाम होने वाली संपत्ति की कीमत बारह करोड़ से ज्यादा है।