छात्र नेताओं के कब्जे से मुक्त होंगे यूनीपोल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिविल लाइंस, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के आसपास समेत शहर के अन्य इलाकों में लगे यूनीपोल (विज्ञापन बोर्ड) पर अब छात्र नेताओं का कब्जा नहीं होगा। इन यूनीपोल पर छात्र नेताओं के अवैध रूप से लगे फोटोयुक्त बड़े-बड़े बैनरों हटाने में नगर निगम सहयोग करेगा। इस संबंध में सोमवार को नगर आयुक्त ने आदेश जारी कर दिया है।
शहर की विभिन्न सड़कों पर लगे यूनीपोल पर विज्ञापन कराने का ठेका नगर निगम ने एक संस्था को दिया है। इस पर लगने वाले विज्ञापनों का शुल्क संस्था की ओर से नगर निगम में जमा कराया जाता है लेकिन सिविल लाइंस में सरदार पटेल मार्ग, कमला नेहरू रोड, विश्वविद्यालय के आसपास, चैथम लाइंस, तेलियरगंज आदि में लगे यूनीपोल पर विज्ञापन होर्डिंग्स, बैनर के बजाए छात्र नेताओं का कब्जा है। इन पर कभी नववर्ष तो कभी त्योहारों की बधाई देते हुए छात्र नेताओं की फोटोयुक्त बैनर नजर आते हैं। स्थिति यह है कि यूनीपोल पर लगे विज्ञापन बैनरों को छात्र नेता बिना किसी अनुमति के उखाड़ फेंकते हैं और उसके स्थान पर अपने बैनर लगाते हैं।
इससे संस्था को नुकसान हो रहा है। इस संबंध में संस्था के प्रतिनिधियों से कमिश्नर से गुहार लगाई थी। कमिश्नर ने नगर आयुक्त देवेंद्र कुमार पांडेय के साथ बैठक कर यूनीपोल को अवैध कब्जे से मुक्त कराने का आदेश दिया। नगर आयुक्त ने बताया कि संस्था यूनीपोल को अवैध कब्जे से मुक्त कराए, नगर निगम इसमें उसका सहयोग करेगा।
लूकरगंज में नाला निर्माण में बाधा बन रहे रैंप को सोमवार को नगर निगम ने ध्वस्त कर दिया। यहां मध्यान नर्सिंगहोम से करीब दो सौ मीटर दूर तक नाले का नवनिर्माण हो रहा है। नाले के ऊपर लोगों ने जगह-जगह रैंप बना लिए हैं या पत्थर रखकर कब्जा कर लिया है। इसकी वजह से निर्माण कार्य में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। सोमवार को अतिक्रमण निरीक्षक पीयूष मोहिले के नेतृत्व में गए दस्ते ने यहां नाले पर बने रैंप, पत्थर तोड़ कर नाला खुलवाया। इसके पहले रविवार को भी रैंप तोड़े गए थे।