हाथरस, बलरामपुर की घटना पर बढ़ा रोष, सपा का मौन प्रदर्शन
बेटियों की सुरक्षा को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में सपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मौन व्रत रखा। बालसन चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा के सामने धरना भी दिया। युवाओं के एक समूह ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर इविवि छात्रसंघ भवन से बालसन चौराहा तक मौन जुलूस भी निकाला। फिर, धरने में शामिल हुए। उनके हाथों में सरकार की नीतियों के विरोध से संबंधित तख्तियां भी थीं।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सुबह 11 बजे से पहले ही बालसन चौराहा पर कार्यकर्ताओं का जमावाड़ा शुरू हो गया था। धरना दिन में एक बजे तक चला, लेकिन कार्यकर्ताओं के आने का क्रम इसके बाद भी जारी रहा। वहां अलग-अलग दलों की ओर से धरना-प्रदर्शन की घोषणा की गई थी। इसके मद्देनजर पहले से ही भारी संख्या में फोर्स मौजूद रही। हालांकि, किसी तरह के टकराव की स्थिति नहीं रही। धरने में जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव, महानगर अध्यक्ष इफ्तेखार हुसैन, पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, नागेंद्र सिंह पटेल आदि के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
उन्होंने तख्तियों के माध्यम से महिलाओं पर अत्याचार, बिजली बिल में वृद्धि, महंगाई, बेरोजगारी आदि मुद्दों को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी व्यक्त की। धरना देने वालों में पूर्व प्रदेश प्रवक्ता केके श्रीवास्तव, सै.मो.अस्करी, पूजा पाल, कमल यादव, कृष्ण मूर्ति यादव, ऋचा सिंह, रामानंद भारतीय, अनिल यादव, सबीहा मोहानी, नाटे चौधरी, आदि शामिल रहे।
इविवि छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष उदय प्रकाश यादव, अखिलेश गुप्ता, राघवेंद्र यादव, नेहा यादव, अवनीश यादव आदि जुलूस में शामिल हुए। बालसन चौराहा पर मौन व्रत के बाद राघवेंद्र , नेहा आदि ने हाथरस में बालिका के साथ गैंगरेप के मामले में सरकार, प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने बालिकाओं की सुरक्षा के लिए लगातार आवाज उठाते रहने की बात कही।