प्रयागराज में आरएसएस के खंड कार्यवाह को मारी गोली, थाने से चंद कदम की दूरी पर हुई वारदात से सनसनी
थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने तड़के सनसनीखेज वारदात अंजाम दी। ड्यूटी कर शहर से लौट रहे रोडवेज परिचालक व आरएसएस कार्यकर्ता दिनेश मौर्य (30) को गोली मार दी। सिर में गोली लगते ही वह जमीन पर गिरा तो बाइकसवार बदमाश भाग निकले। सूचना पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने उसे एसआरएन अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों का आरोप है कि मुकदमे में पैरवी को लेकर उन पर हमला किया गया। पुलिस देर रात तक जांच पड़ताल में जुटी रही।
मरखामऊ गांव निवासी दिनेश मौर्य (30) पुत्र राम सुमेर मौर्य आरएसएस का मऊआइमा खंड कार्यवाह होने के साथ ही रोडवेज विभाग में संविदा परिचालक है। वह शुक्रवार सुबह लगभग छह बजे ड्यूटी कर ई रिक्शा से घर लौट रहा था। पड़ाव से सवार होकर वह शिवपुर गांव में छपाई बाग के पास पहुंचा था तभी पीछे से बाइक पर सवार होकर पहुंचे चार बदमाशों ने ई रिक्शा रोक लिया। कोई कुछ कुछ समझ पाता, इससे पहले ही एक बदमाश ने असलहा निकालकर दिनेश के सिर में गोली मार दी।
वह लहुलुहान होकर सीट पर ही गिरा तो बदमाश भाग निकले। सूचना मिली तो परिजन व ग्रामीण पहुंच गए। जानकारी पर पुलिस भी आ गई और फिर घायल को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। जानकारी पर सीओ अमिता सिंह भी आ गईं। कुछ देर बाद डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी भी अन्य अफसरों संग पहुंच गए। पुलिस देर रात तक जांच पड़ताल में जुटी रही।
एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में पैरवी पर हमला
घटना के बाद पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने थाना क्षेत्र के ही रहने वाले पांच लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। भुक्तभोगी के भाई राकेश मौर्य ने आरोप लगाया कि एससी-एसटी के मुकदमे पैरवी करने की रंजिश में उसके भाई पर जानलेवा हमला किया गया। उसकी ओर से दी गई तहीर में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों में सुल्तानपुर खास गांव का रहने वाला अबुल उर्फ जैद, गुलफाम व अतीक व माशूक शामिल थे।सुल्तानपुर खास के प्रधान वाजिद अली उर्फ बचऊ के इशारे पर यह घटना कारित की गई। जैद के ललकारने पर गुलफाम ने गोली चलाई। राकेश का आरोप है कि हमलावरों ने दो साल पहले उसके भाई के दोस्त संदीप कुमार सरोज पर जानलेवा हमला किया था। जिसमें एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा हुआ था। उक्त मुकदमें पैरवी करने से ही हमलावर उसके भाई से रंजिश रखते थे और शुक्रवार को उस पर हमला कर दिया।
- परिजनों ने हमले की वजह एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में पैरवी बताई है। तहरीर के आधार पर पांच लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर तीन को हिरासत में ले लिया गया है। कई अन्य बिंदुओं को भी ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है। -अमिता सिंह, सीओ सोरांव