आरआरबी : अभ्यर्थियों ने कहा, जारी हो एनटीपीसी का संशोधित परिणाम
कोरल क्लब में दोपहर 12 बजे के बाद पांच सदस्यीय हाई पावर कमेटी रेलवे बोर्ड के प्रधान कार्यकारी निदेशक दीपक पीटर गेब्रियल के नेतृत्व में पहुंचे। यहां 20-20 अभ्यर्थियों के ग्रुप से कमेटी सदस्यों ने बात की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) के नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) की भर्ती परीक्षा परिणाम को लेकर पिछले दिनों हुए बवाल के बाद अभ्यर्थियों से मुलाकात के लिए रेलवे बोर्ड द्वारा गठित हाई पावर कमेटी (उच्चाधिकार समिति ) के सदस्य शनिवार को प्रयागराज पहुंचे।
यहां कोरल क्लब में समिति के सदस्य आरआरबी अभ्यर्थियों से रूबरू हुए। इस दौरान अधिकांश अभ्यर्थियों ने एनटीपीसी का संशोधित रिजल्ट जारी करने की मांग की। इसके अलावा अभ्यर्थियों ने कहा कि प्रतीक्षा सूची जारी करने के साथ ही रेलवे की अन्य भर्तियों को जल्द शुरू किया जाए।
कोरल क्लब में दोपहर 12 बजे के बाद पांच सदस्यीय हाई पावर कमेटी रेलवे बोर्ड के प्रधान कार्यकारी निदेशक दीपक पीटर गेब्रियल के नेतृत्व में पहुंचे। यहां 20-20 अभ्यर्थियों के ग्रुप से कमेटी सदस्यों ने बात की। इस दौरान कुल 100 अभ्यर्थियों ने कोरल क्लब मे आयोजित इस सत्र में भाग लिया और समिति के समक्ष अपनी शंकाओं और सुझाव दर्ज कराएं।
अभ्यर्थियों द्वारा उठाए गए कई बिंदुओं को समिति द्वारा आगे के विचार-विमर्श के लिए नोट भी किया गया। इस दौरान अंकित मालवीय, कालीदत्त पांडेय, विकास झा, सुधीर कुमार मौर्य आदि अभ्यर्थियों द्वारा पंजीकृत विभिन्न शंकाओं और सुझावों में नॉरमलाइजेशन प्रक्रिया, कंप्यूटर आधारित परीक्षण -2 (सीबीटी -2) के लिए शार्ट लिस्टिंग पद्धति और चिकित्सा मानकों में छूट आदि विषय प्रमुखता से उठाए।
अभ्यर्थियों ने आरआरबी द्वारा वार्षिक चयन कैलेंडर भी जारी किए जाने की भी मांग की। कुछ ने सुझाव दिया कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरा करने के संबंध में निश्चित समय सीमा का पालन हर हाल में होना चाहिए। इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक राजीव गांधी, आदित्य कुमार, एस.के.सिंह, संजीव दीक्षित, अवधेश कुमार, आशीष सचान, राजेश शर्मा, आरआरबी चेयरमैन आरए जमाली, डा. शिवम शर्मा आदि मौजूद रहे।
हर एक अभ्यर्थी से भरवाया गया फार्म
आरआरबी की ओर से पिछले माह कोरल क्लब में अभ्यर्थियों के सुझाव एवं शिकायत के लिए लगे कैंप में मौके पर पहुंचने वाले अभ्यर्थी गिनती भर ही थे लेकिन शनिवार को हाई पावर कमेटी के अफसर पहुंचे तो उनका उत्साह बढ़ गया। इस दौरान मौके पर रेलवे की विभिन्न परीक्षाओं में शामिल 100 अभ्यर्थियों ने कमेटी के समक्ष अपनी बातें रखीं। यहां पहले अभ्यर्थियों से एक फार्म भी भरवाया गया। इसमें अभ्यर्थियों ने सुझाव एवं शिकायत लिखकर अफसरों को दिए।
अप्रेंटिस अभ्यर्थी भी हुए रूबरू, सब को नहीं मिल सका मौका
कोरल क्लब में अप्रेंटिस अभ्यर्थियों को भी बुलाया गया था ताकि उनकी शंकाओं और सुझावों सुना जाए। इस दौरान कमेटी सदस्यों के समक्ष चुनिंदा अभ्यर्थी ही अपनी बात रख सके। सभी को बोलने का मौका न मिलने से अभ्यर्थी निराश रहे। अप्रेंटिस यमुना प्रसाद, सतीश मौर्य, रोहित शर्मा आदि ने कहा कि कमेटी सदस्यों के समक्ष उन्हें बोलने का मौका नहीं मिला।
इस वजह से वह बेहद निराश हैं। कहा कि वह रेलवे द्वारा प्रशिक्षित हैं। इसलिए रेलवे की नौकरियों में उन्हें प्राथमिकता दी जाए। पूर्व में जीएम के पास अधिकार था कि वह अप्रेंटिस कर चुके अभ्यर्थियों को ग्रुप डी में नौकरी दे सकते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। इसलिए वह सुविधा फिर से बहाल की जाए।