प्रयागराज में वारदात : अधिवक्ता से दिनदहाड़े तीन लाख की लूट, लुटेरों का नहीं लगा सुराग
बैंक से रुपये निकालकर घर लौटते वक्त घटना, रुपयों भरा बैग छीनकर भागे बदमाश। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से पैसा निकालकर लौट रहे थे घर। एक लुटेरे ने हेलमेट और दूसरे ने गमछे से छिपा रखा था अपना चेहरा। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मम्फोर्डगंज में अधिवक्ता प्रशांत द्विवेदी (30) से दिनदहाड़े तीन लाख रुपये लूट लिए गए। बाइकसवार दो नकाबपोश बदमाश उनसे रुपयों भरा बैग छीनकर भाग निकले। दिनदहाड़े लूट की सूचना पर हड़कंप मचा तो पुलिस आ गई। अफसर भी पहुंचे लेकिन घंटों छानबीन के बाद भी लुटेरों का सुराग नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।
भुक्तभोगी अधिवक्ता थरवई स्थित जयंतीपुर के रहने वाले हैं। सोमवार को दिन में वह अपने छोटे भाई के साथ म्योहाल स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में पहुंचे और खाते से तीन लाख रुपये निकाले। उन्होंने पुलिस को बताया कि छोटे भाई को सिविल लाइंस स्थित कार्यालय में कुछ काम था, ऐसे में वह चला गया। जबकि अधिवक्ता बैग में में तीन लाख रुपये रखकर बाइक से घर लौटने लगे। अभी वह मम्फोर्डगंज स्थित त्रिपाठी चौराहे से कमिश्नरी की ओर जा रहे थे तभी पीछे से बाइकसवार दो बदमाश आ गए।
अज्ञात लुटेरों के खिलाफ दर्ज किया गया केस
अधिवक्ता कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाशों ने झपट्टा मारकर रुपयों भरा बैग छीन लिया और भागने लगे। भुक्तभोगी ने शोर मचाया लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले। दिनदहाड़े लूट की जानकरी पर हड़कंप मच गया। कर्नलगंज पुलिस के साथ ही सीओ भी पहुंच गए। सीओ अजीत सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल अज्ञात में केस दर्ज कर लिया गया है।
एक ने हेलमेट, दूसरे ने गमछे से ढका था चेहरा
घटना के बाद पुलिस ने आसापास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दो बदमाश नजर आए। इनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था जबकि दूसरे ने गमछे से चेहरा ढंक रख था। ऐसे में इस बात की भी आशंका है कि बदमाश स्थानीय हों। पहचाने जाने के डर से ही उन्होंने अपनी पहचान छिपाई और हेलमेट व गमछे से चेहरा ढके रखा। यह भी आशंका है कि बदमाश बैंक से ही अधिवक्ता के पीछे लगे थे। पुलिस का कहना है कि मंगलवार को बैंक के कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी।