यूपीपीएससी : ओटीआर की धीमी गति से भर्तियों के आवेदन फंसे, विज्ञापन जारी होने से पहले बढ़ी आयोग की चिंता
ओटीआर की संख्या अभी बहुत कम है। ऐसे में जिन भर्तियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है, उनमें बिना ओटीआर नंबर के अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को चेताया है कि अगर ओटीआर नंबर प्राप्त नहीं किया तो भविष्य में आने वाली बड़ी भर्तियों के आवेदन से वंचित रह जाने पर अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने एक अप्रैल 2023 से अपनी सभी भर्ती परीक्षाओं में ऑनलाइन आवेदन के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) अनिवार्य कर दिया है। ओटीआर की संख्या अभी बहुत कम है। ऐसे में जिन भर्तियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है, उनमें बिना ओटीआर नंबर के अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को चेताया है कि अगर ओटीआर नंबर प्राप्त नहीं किया तो भविष्य में आने वाली बड़ी भर्तियों के आवेदन से वंचित रह जाने पर अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
ओटीआर की धीमी गति के कारण आयोग को पिछले दिनों तीन भर्ती परीक्षाओं की आवेदन तिथि बढ़ानी पड़ी। इनमें सहायक नियोजक परीक्षा-2023 के आवेदन की अंतिम तिथि 14 सितंबर से बढ़ाकर 21 सितंबर, स्टाफ नर्स (पुरुष/महिला) परीक्षा-2023 के आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर से बढ़ाकर 29 सितंबर और स्टाफ नर्स आयुर्वेद (पुरुष/महिला) परीक्षा-2023 की अंतिम तिथि चार अक्तूबर से बढ़ाकर 11 अक्तूबर करनी पड़ी। अगर ओटीआर को अभ्यर्थियों ने गंभीरता से लिया जाता और समय से रजिस्ट्रेशन करा लिया होता तो भर्तियों की आवेदन तिथि बढ़ाने की जरूरत न पड़ती।
आयोग के सामने अभी सबसे बड़ी चुनौती बाकी है। अक्तूबर में समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) परीक्षा-2023 का विज्ञापन जारी किए जाने की तैयारी है। आरओ/एआरओ के 181 पदों पर भर्ती के लिए अक्तूबर के पहले सप्ताह में विज्ञापन संभावित है। विज्ञापन जारी होने वाले दिन से ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। आरओ/एआरओ की भर्ती के लिए लाखों की संख्या में आवेदन आते हैं, जबकि ओटीआर की संख्या अभी बहुत कम है। ऐसे में विज्ञापन जारी होने के बाद ओटीआर नंबर प्राप्त न करने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवेदन से वंचित हो सकते हैं।
आयोग के सचिव अशोक कुमार की दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि आरओ/एआरओ परीक्षा का विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाना है, जिसमें आवेदन के लिए ओटीआर की प्रक्रिया पूर्ण करके ओटीआर नंबर प्राप्त करना अनिवार्य है। सचिव ने कहा है कि वर्तमान में आयोग की वेबसाइट पर ओटीआर प्रक्रिया पूर्ण करके ओटीआर नंबर प्राप्त करने की दर काफी कम है। विज्ञापन जारी होने से पूर्व ओटीआर नंबर प्राप्त न करने के करण आवेदन करते वक्त ‘सर्वर डाउन/हैवी ट्रैफिक’ जैसी कठिनाइयां आ सकती हैं। अभ्यर्थी ओटीआर नंबर अनिवार्य रूप से प्राप्त कर लें, ताकि विज्ञापन जारी होने के बाद ऑनलाइन आवेदन में कोई कठिनाई न हो। ओटीआर नंबर प्राप्त न करने की स्थिति में आवेदन न कर पाने का संपूर्ण दायित्व अभ्यर्थी का होगा।