{"_id":"6816083073e9e8c9c80ceca0","slug":"record-made-in-gst-collection-in-prayagraj-zone-impact-of-business-during-maha-kumbh-2025-05-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Prayagraj : बरसी लक्ष्मी कृपा... प्रयागराज जोन में जीएसटी कलेक्शन का बना रिकॉर्ड, महाकुंभ में व्यापार का असर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Prayagraj : बरसी लक्ष्मी कृपा... प्रयागराज जोन में जीएसटी कलेक्शन का बना रिकॉर्ड, महाकुंभ में व्यापार का असर
Sat, 03 May 2025 05:42 PM IST
विनोद सिंह
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
Published by: विनोद सिंह
Updated Sat, 03 May 2025 05:42 PM IST
सार
अप्रैल 2025 में राज्य वाणिज्य कर विभाग प्रयागराज जोन ने पहली बार 400 करोड़ से अधिक का जीएसटी कलेक्शन किया। इस दौरान 406.37 करोड़ का संग्रह यहां हुआ। वहीं, पिछले वर्ष इस अवधि में जीएसटी कलेक्शन 285.50 करोड़ रुपये का ही हुआ था।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : stock.adobe
विस्तार
महाकुंभ में बेहतर व्यापार का असर अब प्रयागराज के जीएसटी कलेक्शन पर दिखने लगा है। वर्तमान वित्तीय वर्ष के पहले माह में ही राज्य वाणिज्य कर विभाग प्रयागराज जोन की झोली भर गई। जुलाई 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद यह पहला मौका है, जब प्रयागराज में जीएसटी कलेक्शन का आंकड़ा 400 करोड़ के आंकड़े को पार कर गया। खास बात यह है कि अप्रैल 2024 के मुकाबले अप्रैल 2025 में जीएसटी कलेक्शन की ग्रोथ 42.33 फीसदी रही।
विज्ञापन
अप्रैल 2025 में राज्य वाणिज्य कर विभाग प्रयागराज जोन ने पहली बार 400 करोड़ से अधिक का जीएसटी कलेक्शन किया। इस दौरान 406.37 करोड़ का संग्रह यहां हुआ। वहीं, पिछले वर्ष इस अवधि में जीएसटी कलेक्शन 285.50 करोड़ रुपये का ही हुआ था। वरिष्ठ कर एवं वित्त सलाहकार डॉ. पवन जायसवाल बताते हैं कि इस बार जो जीएसटी कलेक्शन हुआ है उसमें महाकुंभ में हुए व्यापार का भी असर दिखा है। महाकुंभ भले ही जनवरी और फरवरी माह में हुआ हो लेकिन उस दौरान हुए कारोबार का अधिकांश जीएसटी कलेक्शन मार्च व अप्रैल में हुआ। इसी वजह से अप्रैल में एकाएक जीएसटी कलेक्शन का ग्राफ बढ़ा है।
विज्ञापन
बता दें कि देश भर में सरकार ने अप्रैल 2025 में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) से 2.37 लाख करोड़ रुपए जुटाए। सालाना आधार पर इसमें 12.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। यह जीएसटी कलेक्शन का रिकॉर्ड है। वहीं, प्रयागराज की बात करें तो यहां 42.33 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जो जीएसटी लागू होने के बाद अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसके पूर्व वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी प्रयागराज जोन ने अब तक का सर्वाधिक जीएसटी कलेक्शन हुआ था। तब यहां पहली बार 2300 करोड़ से ज्यादा का जीएसटी कलेक्शन हुआ।
विज्ञापन
अक्तूबर 2021 का 42 माह बाद टूटा रिकॉर्ड
प्रयागराज जोन में सर्वाधिक जीएसटी कलेक्शन का रिकॉर्ड अक्तूबर 2021 में बना था। तब पहली बार यहां जीएसटी कलेक्शन 371.90 करोड़ रुपये का रहा। फिलहाल यह रिकॉर्ड 42 माह बाद अप्रैल 2025 में टूट गया।
प्रयागराज जोन में अप्रैल माह में हुए जीएसटी कलेक्शन का ब्योरा
माह - जीएसटी कलेक्शन
अप्रैल 2019 - 218.44 करोड़
अप्रैल 2020 - 13.43 करोड़
अप्रैल 2021 - 230 करोड़
अप्रैल 2022 - 196.68 करोड़
अप्रैल 2023 - 244.05 करोड़
अप्रैल 2024 - 285.50 करोड़
अप्रैल 2025 - 406.37 करोड़
अप्रैल 2024 की तुलना में अप्रैल 2025 में जीएसटी कलेक्शन की ग्रोथ 42 फीसदी से ज्यादा की रही। यह पहला मौका है जब प्रयागराज जोन में किसी एक माह में जीएसटी कलेक्शन 400 करोड़ के पार हुआ। - मुक्तिनाथ वर्मा, एडिशनल कमिश्नर ग्रेड वन, राज्य वाणिज्य कर विभाग