राजापुर हत्याकांड : हाल ही में जेल से छूटकर आए थे दो नामजद आरोपी, एक को स्मैक की तस्करी में भेजा गया था जेल
मुकदमे में नामजद आरोपी पंकज भारतीय ऊंचवागढ़ी में रहता है। सूत्रों का कहना है कि वह स्मैक की तस्करी व बेचने का काम करता है और दो बार स्मैक के साथ पकड़ा जा चुका है। खास बात यह है कि पिछले छह महीने में वह दो बार पकड़ा जा चुका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजापुर सरेआम हत्या के दो नामजद आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर आए थे। इनमें से राशिद कौशाम्बी में दर्ज मामले में जेल में था तो पंकज भारतीय स्मैक की तस्करी में बंद था। लेकिन जेल में रहकर आने के बाद भी उनकी दबंगई बदस्तूर जारी थी। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि तीनों स्मैक बेचने का भी काम करते थे।
मुकदमे में नामजद आरोपी पंकज भारतीय ऊंचवागढ़ी में रहता है। सूत्रों का कहना है कि वह स्मैक की तस्करी व बेचने का काम करता है और दो बार स्मैक के साथ पकड़ा जा चुका है। खास बात यह है कि पिछले छह महीने में वह दो बार पकड़ा जा चुका है। पहली बार 13 अक्तूबर 2022 को वह 110 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया। इस मामले में उसे जेल भेजा गया।
हालांकि जमानत पर रिहा होने के बाद वह फिर से इसी काम में लग गया। खास बात यह कि मुकदमा दर्ज हुए आठ महीने बीत चुके हैं इसके बावजूद अब तक विवेचक एसआई बशीर अहमद इसकी विवेचना पूरी नहीं कर सके हैं। प्रभारी कैंट इंस्पेक्टर से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि नियमित प्रभारी छुट्टी पर हैं। वह ही इस बारे में जानकारी दे पाएंगे।
इसी साल 28 अप्रैल को फिर उसे स्मैक के साथ राजापुर में ही सर्कुलर रोड तिराहा से गिरफ्तार किया गया। इस बार उससे 52 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसी मामले में वह हाल ही में जेल से छूटकर आया था। इसके अलावा मारपीट, गालीगलौज व धमकी देने के आरोप में उस पर तीन अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं।
सवाल यह है कि आखिर बार-बार आपराधिक गतिविधियों में नाम आने के बावजूद उस पर कैंट पुलिस नरम क्यों बनी रही। कौन है जिसकी शह पर वह बेखौफ होकर नशे का धंधा संचालित कर रहा था। सूत्रों का यह भी कहना है कि पंकज ने स्मैक के धंधे का जाल राजापुर से लेकर धूमनगंज तक फैलाया था।
सिपाही व होमगार्ड पर किया था हमला
सूत्रों का कहना है कि एक अन्य आरोपी राशिद भी आपराधिक प्रवृत्ति का है। 16 नवंबर 2020 को उसने ऊंचवागढ़ी में ही कैंट थाने के सिपाही राजन निषाद व होमगार्ड अशोक यादव पर हमला किया था। वह अपने एक साथी शहंशाह के साथ शराब के नशे में धुत होकर मोहल्ले में आधी रात गालीगलौज कर रहा था। टोकने पर सिपाही व होमगार्ड से भिड़ गए और हमला किया। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार भी किया गया था। इस तरह तीसरे आरोपी शनि पर भी मारपीट का मुकदमा दर्ज है।