Railway : तकनीकी खामी आने से खड़ी हो गई वंदे भारत एक्सप्रेस, दिल्ली से मंगाया गया शताब्दी का रेक
नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस तकनीकी खराबी आने के कारण खुर्जा रेलवे स्टेशन के पास खड़ी हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस शनिवार को खुर्जा रेलवे स्टेशन के नजदीक अचानक खड़ी हो गई। ट्रेन की चेयर कार कोच नंबर सीट में ब्रेक ब्लॉक हो गया था, जिससे पहियों से धुआं निकलने लगा। राहत की बात यह रही कि रेल कर्मियाें ने समय रहते गड़बड़ी पकड़ ली और बड़ा हादसा होने से बच गया है। दिल्ली से शताब्दी का रेक मंगाकर यात्रियों को गंतव्य तक भेजा गया।
वंदे भारत एक्सप्रेस निर्धारित समय से सुबह छह बजे नई दिल्ली से रवाना हुई लेकिन दादरी स्टेशन पार होने के बाद ट्रेन के डिब्बों के अंडर गियर में घर्षण की शिकायत हुई। क्रांसिंग पर खडे़ कर्मचारी ने यह गड़बड़ी पकड़ी।
गड़बड़ी ठीक कर करीब आधा घंटे बाद ट्रेन रवाना की गई लेकिन आगे बढ़ने पर दनकौर के स्टेशन मास्टर ने कुछ गड़बड़ी देखी। इसके बाद ट्रेन फिर रोक दी गई। मौके पर पहुंचे इंजीनियरों एवं कर्मचारियों ने गड़बड़ी दूर करने की कोशिश की लेकिन काफी देर तक सफलता नहीं मिली।
इसके बाद ट्रेन को धीमी गति से खुर्जा स्टेशन लाया गया। वहां दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस का रेक मंगाकर यात्रियों को दिन में करीब एक बजे वाराणसी के लिए रवाना किया गया। शताब्दी के रेक में कुल 1068 यात्रियों को स्थानंतरित किया गया।
उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि जो गड़बड़ी थी वह समय रहते पकड़ ली गई। किसी तरह की क्षति नहीं हुई है। शताब्दी का रेक दिल्ली से मंगाकर यात्रियों को सुरक्षित पहुंचाया गया।