NCR Railway : 24 घंटे बाद बहाल हुआ रेल संचालन, घंटों लेट रहीं ट्रेनें, यात्री हुए परेशान
दरअसल रविवार की सुबह ही फतेहपुर के निकट रमवा रेलवे स्टेशन के यार्ड पर एक मालगाड़ी के 29 वैगन पटरी से उतर गए थे। इस घटना के बाद दिल्ली-हावड़ा रूट के प्रयागराज-कानपुर रेलखंड पर रेल संचालन बाधित हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रयागराज मंडल के फतेहपुर के निकट हुए मालगाड़ी हादसे के बाद कानपुर-प्रयागराज रेलखंड पर 24.30 घंटे बाद रेल संचालन बहाल हो सका। इस वजह से संबंधित रूट पर चलने वाली तमाम ट्रेनें सोमवार को घंटों विलंब से पहुंची। ट्रेनों के विलंब से आने की वजह से यात्रियों को भी काफी परेशानी हुई। दिवाली के मौके पर तमाम लोग समय से अपने घर भी नहीं पहुंच सके। उधर इस मामले में रेल प्रशासन ने उच्च स्तरीय जांच कराने का निर्णय लिया है।
दरअसल रविवार की सुबह ही फतेहपुर के निकट रमवा रेलवे स्टेशन के यार्ड पर एक मालगाड़ी के 29 वैगन पटरी से उतर गए थे। इस घटना के बाद दिल्ली-हावड़ा रूट के प्रयागराज-कानपुर रेलखंड पर रेल संचालन बाधित हो गया। बाद में रेलवे प्रशासन द्वारा संबंधित रूट की कई ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया गया, जबकि आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें निरस्त कर दी गई। इस दौरान दो दर्जन से ज्यादा ट्रेनें ईस्टर्न डेडीकेटेड फेट कॉरीडोर से निकाली गई। कुछ ट्रेने वाया लखनऊ, तो कुछ बांदा एवं ऊंचाहार के रास्ते संचालित की गईं।
रविवार दोपहर से वहां मालगाड़ी के वैगन को पटरी से हटाने का कार्य शुरू हुआ। सोमवार सुबह आठ बजे अप लाइन रेल संचालन के लिए खोली गई। इस दौरान सबसे पहले 22811 भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस सुबह 8.20 बजे रमवा स्टेशन से पास हुई। हालांकि डाउन लाइन से सुबह 11.02 बजे मालगाड़ी निकाली गई।
उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि रात भर मौके पर रेलकर्मी जुटे रहे। फिलहाल दोनों लाइन पर अब रेल संचालन बहाल हो गया है। उन्होंने कहा कि हादसे की वजह से 24 घंटे संबंधित रूट पर रेल संचालन बाधित रहा। इस वजह से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच होगी।