यूपी: सद्दाम के खाते से लेनदेन में फंसा प्राॅपर्टी डीलर गुड्डू गिरफ्तार, उसके दो गुर्गे भी पुलिस के हत्थे चढ़े
सद्दाम के बैंक खाते से लेनदेन की पुष्टि होने पर एसआईटी ने इज्जतनगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर फरहद उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसके साथ ही बारादरी थाने से लल्ला गद्दी के दो गुर्गे जेल भेजे गए हैं।
विस्तार
सद्दाम के बैंक खाते से लेनदेन की पुष्टि होने पर एसआईटी ने इज्जतनगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर फरहद उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसके साथ ही बारादरी थाने से लल्ला गद्दी के दो गुर्गे जेल भेजे गए हैं। एसआईटी अशरफ के साले सद्दाम और लल्ला गद्दी से जुड़ाव वाले लोगों की धरपकड़ कर रही है। सद्दाम से जुड़ाव के मामले में परतापुर जीवन सहाय निवासी फरहद उर्फ गुड्डू को नरियावल तिराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक सद्दाम के खाते से फरहद के खाते में कई बार रुपयों का लेनदेन हुआ था। फरहद ने अशरफ से जेल में मुलाकात भी की थी और प्रयागराज से आने वाले लोगों के संपर्क में भी था। वह जमीन खरीद फरोख्त का काम करता है और मुकदमे में नाम आने के बाद भागने की फिराक में था। इधर, अशरफ और उसके साले सद्दाम से लिंक जुड़ने के बाद लल्ला गद्दी के गुर्गों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
12 मार्च को बारादरी थाने में लल्ला गद्दी और उसके दो साथियों पर जमीन कब्जाने और रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसमें लल्ला के दो साथियों हजियापुर निवासी यामीन और सकलैन नगर के इरफान को एसआईटी प्रभारी के निर्देशन में बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इन्हें जेल भेजा गया है। इन पर आरोप है कि एक व्यक्ति को उसके प्लॉट पर निर्माण नहीं करने दे रहे थे और अतीक व अशरफ के करीबी होने के नाम पर लोगों को धमकाते थे।
सद्दाम और लल्ला की गिरफ्तारी को टीमें लगी हैं। उनके करीबियों की भी धरपकड़ की जा रही है। फरहद का नाम रिपोर्ट में नहीं था, पर जांच में सद्दाम से धन के लेनदेन की पुष्टि होने पर उसे आरोपी बनाया गया। ऐसे कई और लोग चिह्नित किए गए हैं। - आशीष प्रताप सिंह, एसआईटी प्रभारी