प्रयागराज : होटल में दुष्कर्म के आरोपी प्रॉपर्टी डीलर को भेजा जेल, प्लॉट दिखाने के बहाने बुलाया था लखनऊ से
मूलत: देवरिया जिले की रहने वाली 20 वर्षीय युवती लखनऊ के गर्ल्स हास्टल में रहती है। वह लखनऊ में रियल स्टेट के कारोबार से जुड़ी हुई है। युवती का आरोप है कि कुछ दिन पहले फोन पर झूंसी में जमीन लेने के लिए उस्तापुर-महमूदाबाद गांव निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर से बातचीत हुई थी।
विस्तार
थाना क्षेत्र के एक होटल में रविवार को लखनऊ की युुवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी प्रॉपर्टी डीलर को सोमवार को जेल भेज दिया गया। साथ ही युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। भुक्तभोगी युवती को प्लॉट का सौदा करने के बहाने रविवार को लखनऊ से झूंसी के होटल में बुलाया गया था। आरोप है कि युवती को खाने-पीने के सामान में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया गया। जब वह बेहोश हो गई तो उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
मूलत: देवरिया जिले की रहने वाली 20 वर्षीय युवती लखनऊ के गर्ल्स हास्टल में रहती है। वह लखनऊ में रियल स्टेट के कारोबार से जुड़ी हुई है। युवती का आरोप है कि कुछ दिन पहले फोन पर झूंसी में जमीन लेने के लिए उस्तापुर-महमूदाबाद गांव निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर से बातचीत हुई थी। प्रॉपर्टी डीलर ने युवती को जमीन भी दिखाई थी। उसका सौदा भी तय हो गया था।
शिकायत करने पर दी थी जान से मारने की धमकी
रविवार को उसे फिर बुलाया गया था। इस दौरान युवती ने आरोपी प्रॉपर्टी डीलर के खाते में 10 हजार और नकद 40 हजार रुपये दिए। युवती के मुुताबिक, रविवार को आरोपी प्रॉपर्टी डीलर ने उसे प्रयागराज बुलाया। स्टेशन पर रिसीव करने पहुंचा और वहां से उसे लेकर झूंसी आया। यहां पर उसे कई प्लॉट दिखाए। बाद में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर स्थित एक होटल में लेकर पहुंच गया।
खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर किया बेहोश
आरोप है कि वहां पर खाने पीने के सामान में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती को बेहोश कर दिया और दुष्कर्म किया। काफी देर बाद होश में आने पर युवती ने तत्काल 108 एंबुलेंस को फोन पर जानकारी दी। होटल पहुंचे 108 एंबुलेंस के ईएमटी और चालक युवती को लेकर सीधे झूंसी थाने पहुंचे। झूंसी थाने में युवती ने पुलिस को आपबीती सुनाई। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि प्रॉपर्टी डीलर ने पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। युवती की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर देर रात प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे जेल भेज दिया गया।