Prayagraj Weather : अचानक आई तेज आंधी से दिन में छाया अंधेरा, सड़कों पर थम गई वाहनों की रफ्तार
बुधवार शाम करीब पांच बजे धूलभरी तेज आंधी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धम गई और दिन में ही अंधेरा छा गया। दुकानों के बोर्ड, पुलिस की बैरिकेडिंग भी उड़कर दूर चली गई।
विस्तार
बुधवार शाम करीब पांच बजे धूलभरी तेज आंधी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धम गई और दिन में ही अंधेरा छा गया। दुकानों के बोर्ड, पुलिस की बैरिकेडिंग भी उड़कर दूर चली गई। काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। बारिश न होने के कारण धूल और मिट्टी ने काफी देर तक लोगों को परेशान किया। शहर में लोगों को अपनी दुकानों के शटर गिराने पड़े और घर के दरवाजे बंद करने पड़े। यह स्थित आधा घंटे से अधिक समय तक बनी रही। ग्रामीण अंचलों ने पेड़ों के धराशायी होने की सूचना है।
कहीं पर बूंदाबांदी के साथ ओले भी गिरे हैं। झूंसी में प्रयागराज वाराणसी हाईवे पर पंत संस्थान के सामने आंधी और तूफान में विशालकाय यूके लिपटस का पेड़ धराशायी हो गया। इसके चलते घंटों जाम की स्थिति बनी रही। इसी तरह शहर के नवाब युसूफ रोड पर आंधी तूफान कहर बनकर टूटा। एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि युवक को सिर और हाथ में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पेड़ गिरने की वजह से बिजली के तार भी टूट गए, जिससे आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। घटना के बाद सड़क पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर बिजली विभाग और संबंधित कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा टूटे तारों और गिरे पेड़ को हटाने का कार्य शुरू कराया गया।
झूंसी में सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन हुआ बाधित
तेज धूप के बाद धूल भरी आंधी की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस दौरान शहर के सिविल लाइंस, बहराना, महंदौरी, दारागंज, मधवापुर, लूकरगंज, सुलेम सरांय, रामबाग, छोटा बघाड़ा, बड़ा बघाडा, तेलियरगंज, अल्लापुर, राजरूपपुर सहित कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई।वहीं 80 किलोमीटर की रफ्तार से चली तेज हवाओं की वजह से एमजी मार्ग, मेंहदौरी मालवीय मार्ग, रामबाग रेलवे ओवर ब्रिज, नेहरु पार्क, नवाब यूसुफ रोड, चकिया, अल्लापुर, तेलियगंज व कल्याणी देवी गेट के पास कई पेड़ व डाल टूटकर गिर गई। जिसकी चपेट में आने से आधा दर्जन बाइक व कार क्षतिग्रस्त हो गई।
इसके अलावा पुलिस लाइन, अग्रसेन चौराहा, महंदौरी स्थित मालवीय रोड, एमजी मार्ग पर पेड गिरने से एक लेन पर आवागमन काफी देर तक बाधित रहा। वहीं आंधी की वजह से लाइट गुल होने के चलते कई वार्डाें के नलकूप नहीं शुरू हो सके। ऐसे में पेयजल संकट भी खड़ा हो गया। कई वार्डों में पेयजल आपूर्ति के लिए जलकल विभाग की तरफ से पानी के टैंकर लगाने पड़े। वहीं आंधी के साथ कई इलाकों में हल्की बूंदा-बांदी भी हुई।
आंधी ने शहर मे मचाई तबाही
अग्रसेन चौराहे पास अजंता टॉकीज का झज्जा टूटकर गिरा
तेज आंधी की वजह से अग्रसेन चौराहा स्थित अजंता टॉकीज का झज्जा टूटकर सड़क पर गिर गया। इस दौरान झज्जे की चपेट में आने से नीचे खड़ी कुछ बाइक क्षतिग्रस्त हुई। हालांकि किसी घायल होने की सूचना नहीं है। इस बीच छज्जे का मलबा पूरी रोड पर बिखर गया। जिसके चलते यातायात प्रभावित हुआ। वहीं छज्जे की चपेट में आने से बिजली का तार टूटकर जमीन पर फैल गया। जिसकी सूचना तुरंत स्थानीय लोगों की तरफ बिजली विभाग को दी गई।
धूल की वजह से दिन में छाया अंधेरा
धूल भरी आंधी इतनी तेज थी, कि शाम पांच बजे सड़क पर अंधेरा छा गया। जिसकी वजह से कई लोग सड़क के किनारे खड़े होकर आंधी रुकने का इंतजार करने लगे। वहीं मंगलवार की अपेक्षा तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी देखने को मिली। इसके अलावा न्यूनतम तापमान में भी तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई।
आंधी-तूफान से पांटून पुल टेढ़ा, दो पीपे बहे
आंधी-तूफान से मदरा-टेला गंगा घाट पर बना पांटून पुल टेढ़ा हो गया है। वहीं, टेला घाट पर दो पीपे बह गए। काफी देर तक पांटून पुल पर यातायात बाधित हो गया है। सूचना पर जेवनिया चौकी इंचार्ज सुमित त्रिपाठी के साथ लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता अमरेश चन्द्र पहुंच पहुंचे और पुल के किनारे रस्सी लगाकर यातायात को रोक दिया।
अवर अभियंता अमरेश चन्द्र ने बताया कि आंधी-तूफान के साथ आए चक्रवात से मदरा-टेला पांटून पुल टेढ़ा हो गया है। टेला गंगा घाट की तरफ एक पीपे का नट-बोल्ट भी टूट गया जिससे यातायात बाधित हो गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.