prayagraj : पांच गोवंशों को मारकर फेंक दिए अवशेष, ग्रामीणों में गहरा आक्रोश
इमामकुलीपुर गांव से करीब एक किमी दूर स्थित खेत में रविवार सुबह पांच गोवंशों के अवशेष पड़े मिले। ग्रामीण उधर से गुजरे तो अवशेष देखकर उनके होश उड़ गए। कुछ ही देर में वहां भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गोवंशों को मारकर फेंका गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोरांव के इमामकुलीपुर गांव में पांच गोवंशों को मारकर अवशेष फेेंक दिए गए। ग्रामीणों को जानकारी हुई तो सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अफसर पहुंचे और जांच पड़ताल के बाद अवशेषों को दफनाया गया। उधर जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने सांगीपुर गांव के प्रधानपति और गोपालक को हिरासत में ले लिया। इस मामले में विश्व हिंदू परिषद, गोरक्षा शाखा की ओर से दोनों को नामजद करते हुए सोरांव थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
इमामकुलीपुर गांव से करीब एक किमी दूर स्थित खेत में रविवार सुबह पांच गोवंशों के अवशेष पड़े मिले। ग्रामीण उधर से गुजरे तो अवशेष देखकर उनके होश उड़ गए। कुछ ही देर में वहां भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गोवंशों को मारकर फेंका गया है। सूचना पर होलागढ़ विकासखंड के पशु चिकित्सा अधिकारी विनय द्विवेदी ने अवशेषों का मेडिकल परीक्षण किया। जांच पड़ताल में पता चला कि एक गोवंश के कान में टैग लगा हुआ था।
रजिस्टर से मिलान करने पर पता चला कि उक्त टैग सांगीपुर स्थित अस्थाई गोशाला के हैं। पुलिस ने सांगीपुर गोशाला में पहुंचकर गोपालक रामचंद्र निवासी दुर्गापुर से पूछताछ शुरू की तो वह इधर-उधर की बातें करने लगा। उसकी गतिविधि संदिग्ध देख पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद पूछताछ में उससे मिली जानकारी के आधार पर ही प्रधानपति श्रीकांत पटेल को भी हिरासत में ले लिया। सीओ सुधीर कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दो नामजद, 20 अज्ञात पर भी केस
इस मामले में विहिप गोरक्षा के प्रांत मंत्री लालमणि तिवारी ने एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने गोपालक व प्रधानपति को नामजद करते हुए 20 अज्ञात को भी आरोपी बनाया है। थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गोवंशों की हत्या की गई। स्थानीय लोगों ने बताया है कि मऊआइमा, सोरांव व आसपास के इलाकों में गोशाला के गोवंशों को बेचकर उनकी हत्या कराई जा रही है।
डीएम ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की
उधर इस मामले को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। डीएम संजय कुमार खत्री ने बताया कि एसडीएम सोरांव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और डीसी मनरेगा की तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। समिति से कहा गया है कि वह विस्तृत जांच कर रिपोर्ट दें ताकि कार्रवाई की जा सके।
कड़ी कार्रवाई की मांग
इस मामले में योगी आदित्यनाथ युवा ब्रिगेड की ओर से आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी व थानाध्यक्ष को ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान लालमणि, जिला मंत्री सत्येंद्र मणि शुक्ला ,गोरक्षा प्रमुख विष्णु देव स्वामी ,राष्ट्रीय महासचिव प्रकाश नारायण पांडेय व अन्य मौजूद रहे।