Prayagraj News Update: मास्क नहीं पहनने पर भाजपा विधायक हर्षवर्धन समेत तीन पर जुर्माना
मास्क नहीं पहनने पर शहर उत्तरी के भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी समेत तीन लोगों पर पुलिस ने शनिवार को 100-100 रुपये का जुर्माना लगा दिया। नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव परिणाम के बाद वायरल फोटो की शिकायत पर एसएसपी ने शुक्रवार को मामले की जांच एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव को सौंपी थी। शनिवार को मामले में कार्रवाई की गई।
शुक्रवार को कुछ लोगों ने प्रयागराज पुलिस के ट्विटर हैंडल पर फोटो को भेजकर मास्क नहीं पहनने की शिकायत की थी। इस तस्वीर में मेयर अभिलाषा गुप्ता के साथ शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी और भाजपा से जुड़े कई पार्षद व पदाधिकारी नजर आ रहे थे। तस्वीर वायरल होते ही चर्चा का विषय बन गई।
कुछ लोगों ने इस तस्वीर को प्रयागराज पुलिस के ट्विटर हैंडल पर टैग कर शिकायत की। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने इस मामले की जांच एसपी सिटी को सौंप दी थी। एसपी सिटी की जांच के बाद शनिवार को भाजपा विधायक हर्ष बाजपेयी, पार्षद राकेश निषाद और कमलेश तिवारी के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।