Prayagraj News : खेत में सिंचाई के दौरान पति-पत्नी करेंट से झुलसे, महिला की मौत
घूरपुर थाना क्षेत्र के सारीपुर गांव में रविवार देर रात खेत की सिंचाई के दौरान करंट प्रवाहित लोहे की बाड़ की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। पति ने डंडे की मदद से पत्नी को बचाने का भरसक प्रयास किया।
विस्तार
घूरपुर थाना क्षेत्र के सारीपुर गांव में रविवार देर रात खेत की सिंचाई के दौरान करंट प्रवाहित लोहे की बाड़ की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। पति ने डंडे की मदद से पत्नी को बचाने का भरसक प्रयास किया, वह भी आंशिक रूप से झुलस गया जबकि गंभीर रूप से झुलस चुकी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सारीपुर गांव निवासी दुर्गा प्रसाद द्विवेदी रविवार देर रात अपनी 45 वर्षीय पत्नी पुष्पा के साथ खेत की सिंचाई कर रहे थे। रात करीब दो बजे दोनों खेत की मेड़ पर घूमकर यह देख रहे थे कि पूरे खेत में पानी पहुंचा है या नहीं। इसी दौरान बगल वाले खेत के चारों ओर लगे लोहे के तार की बाड़ के पास पहुंचते ही पुष्पा करंट की चपेट में आ गईं।
बताया जा रहा है कि बगल मे ही खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के तार में घर से बिजली का कनेक्शन जोड़कर करंट प्रवाहित किया गया था। इसकी जानकारी दंपती को नहीं थी। करंट लगते ही महिला तार से चिपक गई। पति दुर्गा प्रसाद ने डंडे से पत्नी को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वह दौड़कर संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
संबंधित व्यक्ति के द्वारा अपने घर से बिजली का कनेक्शन काटे जाने के बाद , ग्रामीणों की मदद से महिला को तत्काल एसआरएन अस्पताल, प्रयागराज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका अपने पीछे पति, तीन बेटियां बड़ी बेटी दिव्या जिसकी शादी हो गई है, राखी और नव्या दो छोटी बेटी है और एक बेटा आदित्य द्विवेदी को छोड़ गई हैं। बेटा आदित्य द्विवेदी प्रयागराज मे प्राइवेट नौकरी करता है। घटना के बाद पूरे गांव के लोग शोकाकुल हैं। पुष्पा की अन्त्येष्टि गांव में ही यमुना घाट पर कर दी गई।