प्रयागराज : कोरोना का खौफ लेकर आया नया साल, पहले दिन 20 संक्रमित मिले
चार दिन में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 38 पर पहुंचा, स्वास्थ्य महकमे ने सामूहिकता वाले आयोजनों से बचने की दी सलाह। सीएमओ ने कहा- भीड़ में जाने से परहेज करें, वैक्सीन और मास्क का इस्तेमाल ही बचाव।
विस्तार
नए साल के पहले दिन ही कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार ने हर किसी के दिल की धड़कन बढ़ा दी। शनिवार को जांच कम होने के बावजूद 20 नए संक्रमितों के पाए जाने से महामारी का खौफ बढ़ गया। नए संक्रमितों में ज्यादातर शहर के ही लोग हैं। फिलहाल सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इसके अलावा जिन इलाकों में नए केस मिले हैं, वहां चेन तोड़ने के लिए जांच बढ़ाई जा रही है, ताकि उनके संपर्कों में आए लोगों को भी चिह्नित कर आइसोलेट किया जा सके।
शनिवार को सर्वाधिक 20 केस पाए जाने से संक्रमण के प्रसार पर रोक लगाने की स्वास्थ्य महकने की चुनौती बढ़ गई। इसी के साथ पिछले चार दिन के भीतर कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है। नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे के बीच कोरोना संक्रमित रोगियों के मिलने की रफ्तार बढ़ने से चिंता में इजाफा हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक इस दिन 6426 लोगों के सेंपल की जांच की गई। जबकि, शुक्रवार को 8824 की जांच में पांच पॉजिटिव केस पाए गए थे।
सीएमओ डॉ. नानक सरन के मुताबिक पिछले दो दिनों में मिले संक्रमितों से जुटाई गई जानकारी के आधार पर पता चला है कि उनमें अधिकतर मरीज कोविड वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके थे। जबकि, एक व्यक्ति ऐसा मिला, जिसने दूसरी खुराक नहीं ली थी। शनिवार को अशोक नगर, सुलेमसराय, शाहगंज, राजरूपपुर, दरभंगा कॉलोनी और जसरा के रहने वाले हैं। इससे पहले शुक्रवार को भी सुलेमसराय और अशोकनगर में केस चिह्नित किए जा चुके हैं।
वैक्सीन की दोनों डोज लें, मास्क जरूर लगाएं
सीएमओ डॉ. नानक सरन ने बढ़ते संक्रमण से बचने के लिए सामूहिकता वाले आयोजनों से परहेज करने की सलाह दी है। उन्होंने शनिवार को अपील की कि जिन लोगों ने अभी तक वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं ली है, वे तत्काल अपने नजदीकी बूथों पर पहुंचकर वैक्सीन लगवा लें। इसके अलावा मास्क लगाए बिना घरों से न निकलें। सजगता से ही बचाव का रास्ता निकल सकता है।
दो संक्रमितों को मिली अस्पताल से छुट्टी
कोरोना संक्रमण की चपेट में आने वाले ठीक भी हो रहे हैं। इस संक्रमण की गिरफ्त में आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए दो मरीजों को शनिवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। सीएमओ डॉ. नानक सरन ने बताया कि जिन मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो रही है, उन्हें फिलहाल होम आइसोलेशन में ही रखने की सलाह दी जा रही है, ताकि चेन तोड़ी जा सके।