प्रयागराज : अवैध खनन, वसूली के लिए दरोगा ने युवक को धमकाया, वीडियो वायरल होने पर एसएसपी ने किया पैदल
वायरल ऑडियो में दरोगा बृजेश एक रंजीत नाम के व्यक्ति से बातचीत करता सुनाई पड़ता है। 5.47 मिनट के इस ऑडियो में दरोगा बालू के अवैध खनन को लेकर पहले युवक से पूछताछ करता है। वह पूछता है कि आज तुम्हारी कितनी गाड़ी निकली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
घूरपुर थाने के दरोगा बृजेश चौरसिया का अवैध खनन व वसूली के लिए धमकाने का ऑडियो शनिवार को वायरल हो गया। इसमें धमकाने के साथ ही वह गालीगलौज करते भी सुनाई पड़ता है। सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होने की जानकारी मिली तो अफसरों ने मामले का संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया। मामला दिन भर पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बना रहा।
वायरल ऑडियो में दरोगा बृजेश एक रंजीत नाम के व्यक्ति से बातचीत करता सुनाई पड़ता है। 5.47 मिनट के इस ऑडियो में दरोगा बालू के अवैध खनन को लेकर पहले युवक से पूछताछ करता है। वह पूछता है कि आज तुम्हारी कितनी गाड़ी निकली।
युवक के इंकार करने पर वह दोबारा कई बार यही सवाल पूछता है, जिसका जवाब युवक बार-बार न में ही देता है। इस पर दरोगा आक्रोशित हो जाता है और धमकी देना शुरू कर देता है। यह भी कहता है कि 13 लोगों के नाम मांगे गए हैं और वह गैंगस्टर लगाकर उसे जेल भेज देगा। बातचीत में ही वह उससे बुलाने पर भी थाने न आने की बात कहता सुनाई पड़ता है।
प्रथम दृष्टया जांच में दोषी पाया गया दरोगा
साथ ही एसओ से मिलाने की बात कहकर अगले दिन थाने आने को कहता है। ऑडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित को जानकारी मिली तो उन्होंने जांच पड़ताल शुरू की। जिसमें यह बात सामने आई कि ऑडियो में एक आवाज दरोगा बृजेश चौरसिया की है।
प्रथमदृष्टया अभद्रता के आरोप सही मिलने पर कार्रवाई की संस्तुति करते हुए उन्होंने रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए शाम को आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया। एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है।
थानाध्यक्ष की भी बैठाई जांच
दरोगा पर कार्रवाई के साथ ही एसएसपी ने घूरपुर थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह की भी जांच का आदेश दे दिया है। सूत्रों का कहना है कि वायरल ऑडियो सुनने से प्रथमदृष्टया यही प्रतीत होता है कि घूरपुर थाना क्षेत्र में अवैध खनन जोरों पर है।
ऑडियो में हुई बातचीत के दौरान कुछ अन्य लोगों के भी नाम सामने आए हैं जिनको अवैध खनन से संबंधित रुपये दिए जाने की भी बात सुनाई पड़ती है। इसी को देखते हुए मामले में एसओ की भूमिका की जांच कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री से की गई थी शिकायत
घूरपुर क्षेत्र में अवैध खनन का मामला नया नहीं है। पिछले दिनों नाविक संघ की ओर से शिकायती पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजी गई थी। जिसमें एसओ की शह पर अवैध खनन का आरोप लगाया गया था। सूत्रों का कहना है कि बसवार, इमलिया, पालपुर में धड़ल्ले से अवैध खनन चल रहा है। इस खेल में शामिल लोगों को स्थानीय पुलिस के साथ ही कई सफेदपेशों का भी संरक्षण प्राप्त है।