रेलवे ने बदला समय : दो जनवरी से आनंद विहार से चलेगी हमसफर, प्रयागराज-दिल्ली रूट की कई ट्रेनों का समय चेंज
Prayagraj Humsafar Express : प्रयागराज से दिल्ली का सफर करने वाले यात्रियों के लिए अहम खबर है। हमसफर एक्सप्रेस का संचालन अब नई दिल्ली के बजाय आनंद विहार टर्मिनल तक किया जाएगा। दो जनवरी 2027 से ट्रेन रोजाना आनंद विहार से चलेगी। इससे पहले 29 अक्तूबर से हमसफर और पूर्वा एक्सप्रेस के समय तथा संचालन टर्मिनल में भी बदलाव किया जा रहा है।
विस्तार
नई दिल्ली जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस अब नई दिल्ली की बजाय आनंद विहार टर्मिनल तक ही चलेगी। दो जनवरी-2027 से 12275 और 12276 हमसफर एक्सप्रेस का रोजाना आनंद विहार से ही संचालन होगा। ट्रेन रात 11:15 बजे आनंद विहार से रवाना होगी और सुबह 7:45 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। वर्तमान में हमसफर सप्ताह में तीन दिन आनंद विहार और चार दिन नई दिल्ली के लिए चल रही है।
इतना ही नहीं, 29 अक्तूबर से एक जनवरी तक 12276 हमसफर एक्सप्रेस की नई दिल्ली से रवानगी रात 10:30 की जगह रात 11:05 बजे और 22438 आनंद विहार-प्रयागराज की रवानगी आनंद विहार से रात 10:35 की जगह 11:15 बजे होगी। प्रयागराज जंक्शन पर इसका आगमन सुबह 6:20 की जगह सुबह 7:45 बजे होगा।
वहीं 12275 प्रयागराज-नई दिल्ली और 22437 प्रयागराज-आंनद विहार हमसफर नई दिल्ली और आनंद विहार क्रमश: 6:35 बजे एवं 6:25 बजे पहुंचेगी। इसके अलावा 12303 हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस, 12382 नई दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस का 30 अक्तूबर से शकूरबस्ती तक आवागमन होगा। इसके अलावा 12381 हावड़ा-नई दिल्ली और 12304 नई दिल्ली-हावड़ा 29 अक्तूबर से नई दिल्ली की जगह शकूरबस्ती से चलेगी।
अब सुबह 7:15 बजे आएगी प्रयागराज एक्सप्रेस
प्रयागराज एक्सप्रेस 28 अक्तूबर से नई दिल्ली सुबह 7.00 बजे की जगह 7:15 बजे पहुंचेगी। 28 से ही नई दिल्ली से प्रयागराज एक्सप्रेस रात 10:10 की जगह रात 10:15 बजे चलेगी। 12428 आनंद विहार-रीवा रात 10:05 की जगह 10:10 बजे चलकर प्रयागराज जंक्शन 6:10 के बजाय 6:05 बजे पहुंच जाएगी। 28 अक्तूबर से ही 12427 रीवा-आनंद विहार सुबह 6:40 की जगह 6:55 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। इसी तरह दिल्ली रूट की वैशाली एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-नई दिल्ली दुरंतो, मधुपुर-आनंद विहार, आजमगढ़-दिल्ली, भागलपुर-आनंद विहार विक्रमशिला एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी आदि ट्रेनों के दिल्ली पहुंचने में समय बदलाव 28 अक्तूबर से प्रभावी होगा।