प्रयागराज : प्रेमिका बात करने को नहीं थी राजी, इसलिए मार दी गोली
पुलिस के मुताबिक, थाने लाकर पूछताछ में उसने बताया कि काजल उसकी करीबी रिश्तेदार थी और घर आने जाने के दौरान ही दोनों में करीबी संबंध बन गए थे। उसने उसे मोबाइल भी दिया था, जिससे दोनों बात करते थे। लेकिन कुछ समय बाद इसकी भनक लगने पर उसके भाई ने मोबाइल तोड़ दिया था।
विस्तार
पूरामुफ्ती में 18 वर्षीय काजल का हत्यारोपी सुनील कुमार उर्फ छोटू आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने बताया है कि काजल से उसका लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन पिछले कई दिनों से वह उससे कन्नी काटने लगी थी। यहां तक कि बात करने को भी तैयार नहीं थी। इसी से नाराज होकर उसने उसे गोली से उड़ा दिया। पुलिस ने बताया कि उसे कोर्ट की अनुमति से जेल भेज दिया गया है।
घटना 29 दिसंबर की रात की है, जब पूरामुफ्ती के हरिरामपुर स्थित घर के भीतर सोते वक्त युवती को गोली से उड़ा दिया गया था। मामले में अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एसओ उपेंद्र प्रताप सिंह व उनकी टीम ने बृहस्पतिवार को मुख्य संदिग्ध सुनील को हैप्पी होम के पास से हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के मुताबिक, थाने लाकर पूछताछ में उसने बताया कि काजल उसकी करीबी रिश्तेदार थी और घर आने जाने के दौरान ही दोनों में करीबी संबंध बन गए थे। उसने उसे मोबाइल भी दिया था, जिससे दोनों बात करते थे। लेकिन कुछ समय बाद इसकी भनक लगने पर उसके भाई ने मोबाइल तोड़ दिया था।
चुप रहने के लिए कहा, नहीं मानी तो दाग दी गोली
इसके बाद से ही युवती उससे किनारा करने लगी थी। यहां तक कि बात करना भी बंद कर दिया था। यह बात उससे बर्दाश्त नहीं हुई। 29 दिसंबर की रात वह तमंचा लेकर उसके घर पहुंच गया। घरवाले बाहर से दरवाजा बंद कर बरामदे में ही सोते थे। ऐसे में वह दबे पांव कुंडी खोलकर भीतर चला गया। वहां आहट पाकर युवती नींद से जगी तो उसके सिर पर तमंचा सटाकर चुप रहने को कहा। वह नहीं मानी तो गोली दाग दी। इसके बाद पीछे के दरवाजे से निकल भागा। इसके बाद वह भागते हुए हाईवे पर पहुंचा जहां से टेंपो से झूंसी और फिर बस पकड़कर भाग निकला। पुलिस ने बताया कि उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पीछे स्थित तालाब से हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।