प्रयागराज : सड़क हादसे में मारे गए थे कोरांव के तीनों युवक, पोस्टमार्टम से खुलासा
कोरांव के गजाधरपुर गांव निवासी पप्पू केशरी के दो बेटे आकाश केशरी (26) व विकास केशरी (24) अपने पड़ोसी संतोष (16) पुत्र किंधर आदिवासी के साथ सोमवार को मध्य प्रदेश के हनुमना बाजार में व्यवसायी से धान का पैसा लेने गए थे। देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में तीनों के शव बेलन नदी के पुल पर मिला तो परिजन स्तब्ध रह गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरांव के बेलन नदी के पुल पर सोमवार की रात आकाश, विकास और संतोष सड़क हादसे में मारे गए थे। बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया है। तीनों का अंतिम संस्कार दारागंज में पुलिस सुरक्षा में किया गया। इस दौरान घर वाले रोते बिलखते रहे। मंगलवार को घर वालों और ग्रामीणों ने तीनों की हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल मचाया था।
कोरांव के गजाधरपुर गांव निवासी पप्पू केशरी के दो बेटे आकाश केशरी (26) व विकास केशरी (24) अपने पड़ोसी संतोष (16) पुत्र किंधर आदिवासी के साथ सोमवार को मध्य प्रदेश के हनुमना बाजार में व्यवसायी से धान का पैसा लेने गए थे। देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में तीनों के शव बेलन नदी के पुल पर मिला तो परिजन स्तब्ध रह गए। तीनों के शरीर पर चोटों के निशान थे।
रात में दर्ज कराई गई थी गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट
घर वालों ने तीनों की हत्या का आरोप लगाते हुए मंगलवार सुबह घटनास्थल पर तीनों शवों को रखकर चक्काजाम कर दिया। एसपी और एडीएम के आश्वासन पर परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने की सहमति दी। मौका मुआयना कर जांच करने वाली टीम इसे सड़क हादसा बता रही थी। रात में गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। तय हुआ कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को तीनों के पोस्टमार्टम किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक तीनों की मौत हादसे में हुई है। बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया है। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि घर वालों को पूरी बात बता दी गई। घर वालों की सहमति से दारागंज घाट पर तीनों के शवों का अंतिम संस्कार करा दिया गया। इस दौरान तीनों युवकों के परिजनों और ग्रामीण मौजूद रहे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक तीनों की मौत हादसे में हुई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जिस गाड़ी की टक्कर से तीनों की मौत हुई, उसकी खोजबीन की जा रही है। - सौरभ दीक्षित, एसपी यमुनापार।