Prayagraj: सात लाख लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस हुए ऑनलाइन, कहीं भी और कभी भी देखिए
- एम परिहवन एप और सारथी डॉट जीओवी पर लॉगिन करने पर सामने होगा विवरण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
परिवहन विभाग ने जिले के सात लाख से अधिक ड्राइविंग लाइसेंस ऑनलाइन कर दिए हैं। लोग इसे कभी और कहीं भी देख सकते हैं। बस उन्हें एम परिवहन एप या सारथी डॉट जीओवी डॉट इन पर लॉगिन करना होगा। एक क्लिक करते ही ड्राइविंग लाइसेंस का पूरा विवरण आपके मोबाइल पर, लैपटॉप या कंप्यूटर पर सामने खुल जाएगा।
परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में तकरीबन 10 लाख लोगों ने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए हैं। इनमें से सात लाख, तीन हजार, 971 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस ऑनलाइन हो चुके हैं। विभाग के मुताबिक तीन लाख, 12 हजार, 525 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस सारथी साफ्टवेयर के जरिये बनाए गए हैं, जबकि तीन लाख, 91 हजार, 446 लोगों के लाइसेंस का नवीनीकरण हुआ है। नौ अप्रैल 2013 के बाद जितने भी ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए, वे सारथी साफ्टवेयर के जरिये बने हैं। वे ऑनलाइन हैं। परिवहन विभाग ने नौ अप्रैल 2013 से पहले के बने लाइसेंसों का नवीनीकरण कर उन्हें भी ऑनलाइन अपलोड कर दिया है। अब कोई भी व्यक्ति एम परिवहन एप और सारथी पोर्टल पर जाकर अपना ड्राइविंग लाइसेंस देख सकता है।
ढाई लाख से अधिक ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण बाकी
देश की आजादी के बाद से नौ अप्रैल 2013 तक बनने वाले ड्राइविंग लाइसेंस में तकरीबन ढाई लाख ऐसे हैं, जिनका अभी नवीनीकरण नहीं हो सका है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. सियाराम वर्मा ने बताया कि ये लोग अपने लाइसेंस का नवीनीकरण कराने आ ही नहीं रहे हैं, जबकि विभाग ने पुराने लाइसेंसों के नवीनीकरण के लिए कोई समय सीमा नहीं तय की है।