जगह-जगह काफिला रोककर हुआ गर्मजोशी से स्वागत
प्रतापगढ़। कांग्रेस प्रत्याशी नीरज तिवारी के पक्ष में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी और विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा उर्फ मोना ने सदर क्षेत्र में रोडशो करके जनता का समर्थन मांगा। जिधर से कांग्रेसियों का काफिला निकलता रास्ते में खड़े लोग जिंदाबाद के नारे लगाते और प्रमोद तिवारी को माला पहनाकर स्वागत कर रहे थे।
चुनाव प्रचार का शोर थमने के पहले कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने रोड शो करके कांग्रेसियों में उत्साह का संचार कर दिया। शहर के अंबेडकर चौराहा पर काफिला पहुंचते ही प्रमोद तिवारी और आराधना मिश्रा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद चिलबिला, किशुनगंज, मदाफरपुर, कांधरपुर होते हुए बाबूगंज चौराहा पहुंचे। रास्ते में जगह-जगह खड़े कांग्रेसियों ने प्रमोद तिवारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर चुनाव प्रभारी अजय राय, श्यामकिशोर शुक्ल, रामलौट यादव, देवव्रत मिश्र, प्रशांतदेव शुक्ल, नरसिंह प्रकाश मिश्र, इरफान अली, सोनिया गुप्ता, सरोज कश्यप प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।