नौचंदी न आने से भड़के यात्री, प्रयागघाट में हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस निरस्त होने से शुक्रवार को यात्री भड़क गए। नाराज यात्रियों ने प्रयागघाट और प्रयाग जंक्शन पर खूब शोरशराबा किया। यात्रियों का कहना था कि नौचंदी एक्सप्रेस अगर निरस्त भी की गई तो उन्हें इसकी जानकारी पूर्व में क्यों नहीं दी गई। तमाम यात्री अड़ गए कि नौचंदी के स्थान पर दूसरी ट्रेन लखनऊ के लिए चलाई जाए। बाद में रेलकर्मियों के काफी समझाने के बाद ही यात्री शांत हुए। बताया जा रहा है कि लखनऊ-रायबरेली-वाराणसी रेलखंड पर नॉन इंटरलॉकिंग के लिए उत्तर रेलवे की ओर से पांच दिन का ब्लॉक लिया गया है। यह ब्लॉक 15 से 19 मार्च तक रहेगा। इस अवधि में उत्तर रेलवे ने संबंधित रूट की कई ट्रेनों को निरस्त किया है, जबकि कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से भी निरस्त की गई हैं। जिन ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त किया गया उसमें नौचंदी एक्सप्रेस भी शामिल रही।
प्रयागघाट पहुंचे सोहबतियाबाग के अभिषेक मिश्र, रामबाग के संदीप गुप्ता ने बताया कि तमाम यात्रियों को रेलवे ने जानकारी नहीं दी थी कि शुक्रवार से नौचंदी एक्सप्रेस लखनऊ से प्रयागघाट के बीच निरस्त रहेगी। उधर यात्रियों के शोरशराबे पर रेलवे की ओर से रिफंड देने की भी बात कही गई। हालांकि तमाम यात्री काफी देर तक अड़े रहे कि उनके लिए लखनऊ तक स्पेशल ट्रेन चलाई जाए। ताकि लखनऊ जाकर वे नौचंदी एक्सप्रेस पकड़ सके। उधर प्रयाग जंक्शन पर भी यात्रियों ने खूब शोरशराबा किया। इस बीच रेलवे की ओर से बताया गया कि 19 मार्च तक प्रयागघाट-बरेली पैसेंजर, प्रयागघाट-लखनऊ पैसेंजर दोनों ओर से निरस्त रहेगी। लखनऊ इंटर सिटी एक्सप्रेस 19 मार्च को निरस्त रहने की भी बात कही गई। इसके अलावा 19 को ही टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस 20 मिनट रोककर चलाई जाएगी।