Prayagraj : हनुमान मंदिर काॅरिडोर की बाधा दूर, जल्द शुरू होगा निर्माण, महाकुंभ से पहले पूरा करने का लक्ष्य
पीडीए सभागार में कमिश्नर विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में बोर्ड की 138वीं बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि सेना से जमीन न मिल पाने के कारण लेटे हनुमान मंदिर काॅरिडोर का निर्माण रुका हुआ है। काॅरिडोर के लिए 11,580 वर्ग मीटर जमीन की जरूरत है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
श्री बड़े हनुमान मंदिर काॅरिडोर निर्माण की बाधा दूर हो गई है। शुक्रवार को प्रयागराज विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में काॅरिडोर निर्माण के लिए ली जाने वाली जमीन के बदले सेना को जमीन देने का फैसला हो गया है। इसके अलावा स्वरूपरानी अस्पताल रोड के चाैड़ीकरण की लागत 10 प्रतिशत बढ़ाने का फैसला लिया गया है। साथ ही होटल और पेट्रोल पंप खोलने के लिए जमीन के निर्धारित मानक को शिथिल किया गया है।
पीडीए सभागार में कमिश्नर विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में बोर्ड की 138वीं बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि सेना से जमीन न मिल पाने के कारण लेटे हनुमान मंदिर काॅरिडोर का निर्माण रुका हुआ है। काॅरिडोर के लिए 11,580 वर्ग मीटर जमीन की जरूरत है। वह जमीन सेना की है। सेना ने इस जमीन के बदले 64 करोड़ रुपये लागत की जमीन मांगी है। सेना को देने के लिए उमरपुर नीवां में जमीन चिह्नित की गई है। इसके बदले सेना को 19 हजार वर्ग मीटर जमीन देनी पड़ेगी। बोर्ड के सदस्यों ने जमीन देने के लिए सहमति दे दी है।
अब इसका प्रस्ताव अगले हफ्ते शासन को भेजा जाएगा।शासन से पीडीए को 64 करोड़ रुपये मिलेंगे तो वह अपनी जमीन सेना को दे देंगे। उसके बाद काॅरिडोर का काम शुरू हो पाएगा। इस कार्य को महाकुंभ से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पीडीए की ओर से इसका निर्माण और साैंदर्यीकरण कराया जाएगा। बैठक के बाद पीडीए के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार चाैहान ने हनुमान मंदिर काॅरिडोर का दाैरा किया। इसके अलावा महाकुंभ के अंतर्गत एमजी मार्ग से स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय को जाने वाले मार्ग के चाैड़ीकरण का बजट 10 प्रतिशत बढ़ा दिया गया है। पहले यह सड़क 14 मीटर चाैड़ी बन रही थी। अब यह सड़क 18 मीटर चाैड़ी बनेगी।
मंदिर का रख-रखाव करेगा पीडीए
अभी मंदिर परिसर सेना की जमीन पर है। इस जमीन के बदले पीडीए सेना को जमीन दे देगा। इसलिए मंदिर की जमीन पीडीए की हो जाएगी। पीडीए की ओर से करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से काॅरिडोर का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कराने के बाद वहां पर रख- रखाव और भीड़ प्रबंधन का इंतजाम पीडीए देखेगा। इसको लेकर बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास हो गया है।
अब नाै मीटर सड़क पर पास हो सकेगा होटल का नक्शा
भवन निर्माण एवं विकास उपविधि 2008 को 2023 में संशोधित किया गया है। इस संशोधन को पीडीए बोर्ड की बैठक में मंजूरी दे दी गई है। इस संशोधन के अंतर्गत होटल निर्माण के लिए नक्शा पास कराना आसान होगा। अब तक 20 मीटर से कम चाैड़ी सड़क पर होटल के लिए मानचित्र स्वीकृत नहीं होता था। नए नियम के अनुसार नाै मीटर चाैड़ी सड़क पर भी होटल बनाने की मंजूरी मिल जाएगी। ऐसे ही नगरीय क्षेत्र में पेट्रोल पंप के लिए अब 20 गुणे 20 वर्गमीटर जमीन पर भी मानचित्र स्वीकृत हो सकेगा। पहले इसके लिए कम से कम 35 गुणे 35 वर्ग मीटर जमीन अनिवार्य थी।
बैठक में पीडीए उपाध्यक्ष अरविंद कुमार चौहान, प्रभारी जिलाधिकारी गौरव कुमार, नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग, सचिव अजीत कुमार सिंह, डीएम कौशाम्बी के प्रतिनिधि राहुल देव भट्ट, उपजिलाधिकारी चायल योगेश कुमार गाैड़, अधीक्षण अभियंता एमएच इकबाल, नामित सदस्य राजेन्द्र मिश्र, रणजीत सिंह, कमलेश कुमार आदि थे।