खबरदार : प्रयागराज में अब सभी चौराहों पर होंगे ऑनलाइन चालान
एडीजी ट्रैफिक सड़क सुरक्षा के संबंध में पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में शामिल हुए। इसमें एसएसपी अजय कुमार, यातायात पुलिस के साथ ही आरटीओ, नगर निगम, पीडीए समेत कई अन्य विभाग के लोग भी शामिल हुए।
विस्तार
यातायात नियमों का पालन नहीं करते हैं तो जरा अलर्ट हो जाएं। अब शहर के सभी चौराहों पर वाहनचालक तीसरी नजर के दायरे में हाेंगे। यानी सभी चौराहों पर कैमरों से निगरानी होगी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर ऑनलाइन चालान भी होंगे। इस संबंध में एडीजी ट्रैफिक अशोक कुमार ने बुधवार को यातायात पुलिस को दिशा-निर्देश दिए।
एडीजी ट्रैफिक सड़क सुरक्षा के संबंध में पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में शामिल हुए। इसमें एसएसपी अजय कुमार, यातायात पुलिस के साथ ही आरटीओ, नगर निगम, पीडीए समेत कई अन्य विभाग के लोग भी शामिल हुए। एडीजी ने कहा कि आईटीएमएस कैमरों से चालान की व्यवस्था शहर के सभी चौराहों पर लागू की जाए। इसके अतिरिक्त स्टॉप लाइन वॉयलेशन के साथ-साथ ट्रिपलिंग, हेलमेट, नंबर प्लेट संबंधी नियमों के उल्लंघन पर भी कैमरों से चालान शुरू किए जाएं।
दरअसल शहर में अभी कैमरों से चालान केवल बिना सिग्नल स्टॉप लाइन को पार करने पर हो रहे हैं। बैठक में चिह्नित ब्लैक स्पॉट में तकनीक ी सुधार के लिए कार्यदायी संस्थाओं को भी दिशा निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात संकेतकों को लगाने के साथ ही निर्धारित से ज्यादा गति से वाहन चलाने पर भी कार्रवाई के लिए कहा गया।
अभी सिर्फ सात चौराहों पर लागू है व्यवस्था
शहर में आईटीएमएस कैमरों से चालान की व्यवस्था फिलहाल सात चौराहों पर ही लागू है। इनमें म्योहाल, बांगड़, एमएनएनआईटी, टीपी लाइन, धोबी घाट, हिंदू हॉस्टल, मेडिकल चौराहा शामिल है। यातायात पुलिस का कहना है कि कैमरे तो सभी चौराहों पर लगा दिए गए हैं और वह कार्य भी करने लगे हैं। फिलहाल कैमरों से चालान की व्यवस्था उपरोक्त सात चौराहों पर ही है। अफसरों का कहना है कि जल्द से जल्द शेष चौराहों पर भी यह व्यवस्था लागू की जाएगी।