43 दिनों बाद दो सौ के नीचे मिले कोरोना के नए मरीज, छह की मौत
- 191 संक्रमित, रिकवरी रेट पहुंची 93 फीसदी पर, एक्टिव केसों की संख्या रह गई 4407, 9938 लोगों की हुई जांच
विस्तार
कोरोना के मामले मेें शुक्रवार को बाकी दिनों के मुकाबले राहत भरी खबर रही। 43 दिनों के बाद नए संक्रमितों का आंकड़ा दो सौ के नीचे आ गया। इसके पहले 30 मार्च को कोरोना मरीजों की संख्या दो सौ के नीचे मिली थी। नए संक्रमितों की संख्या घटने और संक्रमण मुक्त होने वालों की संख्या बढ़ने से जिले में रिकवरी रेट 93 फीसदी पर पहुंच गया है। हालांकि, मरने वालों की संख्या नहीं घटी है। शुक्रवार को सेंट जोसेफ कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य फादर राल्फी डिसूजा सहित छह लोगों की मौत हो गई।
कोरोना के नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि शुक्रवार को जिले में कुल 9938 कोरोना संदिग्धों की जांच की गई। इसमें 191 नए संक्रमित मिले। इसमें 36 एंटीजन की जांच में पॉजिटिव मिले तो 109 में आरटीपीसी से पुष्टि हुई। 46 लोग ट्रूनॉट की जांच में भी संक्रमित पाए गए हैं। ग्रामीण इलाकों से 29 और शहर में 152 पॉजिटिव मिले हैं। जबकि, एंटीजन जांच 5546 लोगों की हुई है। 3956 लोगों की आरटीपीसीआर जांच हुई है।
326 लोगों की जांच प्राईवेट लैब और 110 की ट्रूनॉट से जांच की गई है। हालांकि, शुक्रवार को हुई कुल जांच एक दिन पहले या और दिनों के मुकाबले कम है। बृहस्पतिवार को कुल 10699 लोगों की कोरोना की जांच की गई थी। उसमें से 241 संक्रमित मिले थे। उधर, जानकारों का कहना है कि और दिनों के मुकाबले कम होने से संख्या घटी है। फिलहाल नए संक्रमितों की संख्या घटने से जिले में कोरोना के मरीजों का रिकवरी रेट 93 फीसदी पहुंच गया है, जो कि और दिनों के मुकाबले बढ़ा है।