{"_id":"5470f79e-6538-11e2-93f9-d4ae52bc57c2","slug":"most-wide-plot-allotted-to-satpal-maharaj-in-kumbh","type":"story","status":"publish","title_hn":"कुंभ में प्रवचन का पंडाल है या पूरी कॉलोनी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कुंभ में प्रवचन का पंडाल है या पूरी कॉलोनी
इलाहाबाद/ब्यूरो
Updated Wed, 23 Jan 2013 02:08 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोरारी बापू, आसाराम बापू के भव्य पंडाल के बाद अब सतपाल जी महाराज का पंडाल तैयार हो रहा है। यह पंडाल किसी कॉलोनी जैसा है। मेला क्षेत्र में चार लाख 50 हजार वर्ग फीट जगह पर बनाए जा रहे पंडाल में एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
विज्ञापन
उनके लिये चावल और दाल पकाने के लिए मशीन लगाई जा रही है। मशीन इतनी बड़ी है कि उसके लिए अलग से प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। यहां तक कि बर्तन धोने के लिए अलग से पक्का प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है। साठ हजार लोगों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था की जा रही है। पांच सौ शौचालय और छह सौ नल लगाए जा रहे हैं।
विज्ञापन
भंडारे के लिए प्रदेशवार अलग-अलग स्टॉल तैयार किए जा रहे हैं ताकि प्रवचन सुनने के लिए विभिन्न प्रांतों से आने वालों को भंडारे के दौरान समस्या न हो और वे अपने प्रदेश के स्टॉल में जाकर भोजन ग्रहण करें। सतपाल जी महाराज पौड़ी गढ़वाल से कांग्रेस के सांसद हैं। उनकी पत्नी का नाम माता अमृता रावत है, जो उत्तराखंड सरकार में पांच विभागों की मंत्री हैं।
विज्ञापन
वैसे तो देश के हर प्रांत में उनकी संस्था मानव उत्थान सेवा समिति की शाखा है लेकिन हरिद्वार में 70 एकड़ जमीन पर बना आश्रम सबसे बड़ा है, जहां आठ सौ कमरे हैं और हर कमरे में वॉशरूम अटैच है। हरिद्वार आश्रम की तर्ज पर ही कुंभ नगरी के सेक्टर सात में भी सतपाल जी महाराज का भव्य पंडाल तैयार हो रहा है। सिर्फ पंडाल एक लाख 20 वर्ग फीट जगह पर फैला हुआ है। बताया जा रहा है कि कुंभ में सबसे बड़ा प्लॉट सतपाल जी महाराज को ही आवंटित किया गया है।
प्लॉट इतना बड़ा है कि वहां लगे बिजली के दर्जनों खंभों को हटा पाने में बिजली विभाग ने हाथ खड़े कर दिए। खंभे शिविर के बीच में ही लगे रहेंगे। शिविर के लिए मेला प्रशासन से सिर्फ बिजली और पानी का कनेक्शन लिया गया है। शौचालय, नल, स्नानगृह आदि का निर्माण संस्था अपनी तरफ से करा रही है। सतपाल जी महाराज सात फरवरी को कुंभ नगरी में पहुंचेंगे। सात, आठ एवं नौ फरवरी को शिविर में सद्भावना सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
बर्तन धोने के लिए पक्के प्लेटफॉर्म
शिविर में रोज 60 से 70 हजार लोगों के लिए भोजन पकाया जाएगा। जूठे बर्तन धोने के लिए शिविर में 600 वर्ग फीट और भंडार गृह के बर्तन धोने के लिए 160 वर्ग फीट जगह पर दो पक्के प्लेटफॉर्म बना दिए गए हैं। पानी इधर-उधर न फैले या सड़क पर न बहे, इसके लिए शिविर में ही एक छोटा सा तालाब बनवा दिया गया है।
शौचालय के लिए हरिद्वार से आए पाइप
शिविर में पांच सौ शौचालय और पांच सौ नल लगवाए जा रहे हैं। शौचालय और नल के लिए हरिद्वार से दो ट्रक पाइप मंगवाए गए हैं। इसके अलावा बिजली की निर्बाध आपूर्ति के लिए 62-62 केवीए के दो जेनरेटर भी मंगवा लिए गए हैं।
भीड़ के लिए अतिरिक्त जमीन आरक्षित
सतपाल जी महाराज को प्रशासन ने जो जमीन आवंटित की है, उसके ठीक बगल में खाली पड़ी जमीन को आरक्षित कर दिया गया है। माना जा रहा है कि सद्भावना सम्मेलन के दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंच सकते हैं। भीड़ तीन लाख का आंकड़ा पार कर सकती है। ऐसे में इमरजेंसी के वक्त आरक्षित जमीन पर लोगों के ठहरने की व्यवस्था करनी पड़ सकती है।