मंत्री दयाशंकर सिंह बोले : हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहीं बेटियां, समाज को दे रही हैं नई दिशा
आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में सोमवार को स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह ने छात्राओं कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और समाज को नई दिशा दे रही हैं।
विस्तार
आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में सोमवार को स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह ने छात्राओं कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और समाज को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जो आंदोलन शुरू किया था, उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। मंत्री ने अपने उद्बोधन में भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे. अब्दुल कलाम के प्रेरणादायी कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि सपने वो देखिए जो आपको सोने न दें। अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी मेहनत और लगन से आगे बढ़ें।
इस मौके पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा नाटक ‘जीना इसी का नाम है’। इसमें बॉलीवुड कलाकार हिमानी शिवपुरी और राजेंद्र गुप्ता ने मंच पर जीवन की गहराइयों को शानदार अंदाज में प्रस्तुत किया। नाटक में यह संदेश दिया गया कि जिंदगी लंबी नहीं, छोटी और मस्ती भरी होनी चाहिए। किसी के वास्ते हो तेरे दिल में प्यार, किसी का दर्द ले सके तो कर उधार, जीना इसी का नाम है।
प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विशिष्ट अतिथि रीता बहुगुणा जोशी ने अपने संबोधन में थिएटर के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रंगमंच समाज का आईना है और जीवन में प्रेरणा देने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि कला और शिक्षा का संगम ही व्यक्तित्व को संपूर्ण बनाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय शासी निकाय के अध्यक्ष पंकज जायसवाल, संचालन चीफ प्रॉक्टर डॉ. रंजना त्रिपाठी व धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य प्रो. अर्चना पाठक ने किया। साध्वी उत्तमा, पीसी जोशी, डॉ. आदित्य सिंह, राजेश वर्मा, एम. गुलरेज, अशोक मित्तल, अनिल कुमार गुप्ता, मोहम्मद शरीक, रविंद्र नाथ जायसवाल, पीएन मिश्र आदि मौजूद रहे।