प्रयागराज : विवाद के बाद मिलिट्री कमांडो ने बरसाईं गोलियां, तीन युवक घायल, फौजी को भेजा गया जेल
सरेआम गोलियां बरसाकर तीन युवकों को घायल करने वाले मिलिट्री के कमांडों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। कल रात में ही फायरिंग के बाद उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। उसकी राइफल भी जब्त कर ली गई है। घायलों के परिजनों ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कमांडो ने भी क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई है। गोली चलाने का वीडियो भी सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झूंसी थाना क्षेत्र का झूंसी छतनाग रोड पर शुक्रवार की शाम विवाद के बाद गोली चलाकर तीन लोगों को घायल करने के मामले में आरोपी कमांडो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी कमांडो ने भी क्रॉस एफआईआर कराई है। पुलिस ने राइफल को कब्जे में लेकर मिलिट्री के कमांडों को हिरासत में ले लिया है। अब घटना का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। शनिवार को आरोपी कमांडो को जेल भेज दिया गया। बताया जाता है कि विवाद की जड़ एक भूखंड को लेकर है। इसको लेकर काफी दिनों से तनातनी चल रही थी।
झूंसी पुलिस के मुताबिक अमेठी के टिंकू सिंह अपने कुछ साथियों के कार से झूंसी छतनाग रोड पर किसी से मिलने आए थे। इसी दैरान वहां पर छतनाग रोड के उस्तापुर-महमूदाबाद निवासी पैरा मिलिट्री कमांडो जयशंकर भारतीया अपनी एक्सयूवी से पहुंच गया। जयशंकर इन दिनों पश्चिम बंगाल में तैनात है। छुट्टियों में वह घर आया था। पुलिस के मुताबिक पान खाकर थूकने को लेकर टिंकू सिंह और पैरा मिलिट्री के कमांडो जयशंकर में विवाद हो गया।
बात बढ़ी तो आरोप है कि जयशंकर ने अपनी लाइसेंसी राइफल से गोली बरसानी शुरू कर दी। उसने एक के बाद एक छह राउंड से ज्यादा फायर किया। फायरिंग में दूसरे पक्ष के 24 वर्षीय मनीष सिंह पुत्र वंशबहादुर सिलोखढ़ जिला अमेठी, 23 वर्षीय अभिजीत सिंह पुत्र वरूण सिंह नौहाजेहा, शांतिपुर जिला प्रतापगढ़ और 19 वर्षीय अमीष सिंह पुत्र नागेंद्र सिंह सिलोखढ़ जिला अमेठी को गोली लगने से जख्मी हो गए।
मनीष को पेट में जबकि अभिजीत और अमीष को पैर की जांघ में गोली लगी थी। तीनों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गोलीबारी करने के बाद पैरा मिलिट्री जवान जयशंकर गाड़ी छोड़कर वहां से भागने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दौरान दूसरे पक्ष ने भी पैरा मिलिट्री के कमांडों पर गोलीबारी और पथराव किया, लेकिन वह बचकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने इंस्पेक्टर वैभव सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और तफ्तीश की। पुलिस ने पैरा मिलिट्री के कमांडो को हिरासत में ले लिया था। उसकी राइफल भी पुलिस ने जब्त कर ली थी। पूरी वारदात वहां के एक मकान के बाहर लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर झूंसी पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई थी। देर रात आरोपी मिलिट्री के कमांडो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद कमांडो ने भी क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई है।
डेढ़ महीने में दूसरी दफे छतनाग रोड पर चली गोली
डेढ़ महीने के भीतर झूंसी के छतनाग रोड पर दूसरी दफे शुक्रवार को गोली चल गई। 19 जून को हवेलिया निवासी प्रापर्टी डीलर रामसूरत यादव के पैर में गोली मारी गई थी। इससे छतनाग रोड पर अफरा-तफरी मच गई थी। इस मामले में झूंसी पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आज तक कुछ नहीं कर सकी। इसी बीच शुक्रवार को तकरीबन उसी जगह पर कई राउंड गोलीबारी और पथराव से इलाके के लोग सकते में आ गए।