NCR Railway : मैं रेलवे में काम करता हूं, आपके पास बैठकर बात कर सकता हूं, चलती ट्रेन में यात्रियों से मिलने पहुंचे जीएम
प्रयागराज छिवकी से मानिकपुर के बीच सफर के दौरान जीएम एनसीआर को अपने सामने पाकर तमाम यात्री भी भौचक्के हो गए। जीएम सबसे पहले ए-वन कोच में गए। वहां दक्षिण भारत से आए दो वरिष्ठ नागरिकों से जब रूबरू हुए तो उन्होंने कहा कि अगर कोई परेशानी या सुझाव हो तो आप बेहिचक बताइये।
विस्तार
शाम के तकरीबन छह बजे थे। इसी दौरान पाटलीपुत्र-लोकमान्य तिलक सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ए वन कोच में सफर कर रहे कुछ वरिष्ठ नागरिकों के पास मास्क लगाए जीएम एनसीआर प्रमोद कुमार पहुंचते हैं। वह यात्रियों से कहते हैं कि नमस्कार...मैं रेलवे में काम करता हूं, आप लोगों के पास बैठकर कुछ बात कर सकता हूं। उन्हें जवाब मिला, जरूर बैठिए, लेकिन अपना परिचय भी बताइए। इस पर जीएम ने कहा कि वह उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक है। शुक्रवार को इसी ट्रेन के तमाम कोच में सफर करने वाले तकरीबन दो दर्जन यात्रियोें से जीएम इसी तरह से मिले।
प्रयागराज छिवकी से मानिकपुर के बीच सफर के दौरान जीएम एनसीआर को अपने सामने पाकर तमाम यात्री भी भौचक्के हो गए। जीएम सबसे पहले ए-वन कोच में गए। वहां दक्षिण भारत से आए दो वरिष्ठ नागरिकों से जब रूबरू हुए तो उन्होंने कहा कि अगर कोई परेशानी या सुझाव हो तो आप बेहिचक बताइये। इस पर वरिष्ठ नागरिकों ने सुझाव दिया कि ज्यादा आयु वाले यात्रियों के लिए सिस्टम कुछ इस तरह से विकसित किया जाए कि उन्हें लोवर बर्थ ही मिले।
एक अन्य यात्री ने कहा कि अभी कई ट्रेनों में बेडरोल की सुविधा नहीं मिल रही है। उसे चालू करवाया जाए। महाप्रबंधक न समस्याओं को नोट करवाने के साथ ही उचित कारवाई की बात कही। ट्रेन के बी-7 कोच में 26 से 28 नंबर बर्थ पर सफर कर रही भावना कुमार, शिवम कुमार, अमन आदित्य भी अपने सुझाव जीएम को दिए। इस दौरान ट्रेन के स्लीपर कोच में चाय पी रहे यात्रियों से उन्होंने उसके दाम के बारे में पूछा।
दस रुपये दाम बताए जाने के बाद जीएम ने देखा कि वेंडर निर्धारित 150 एमएल से कम चाय दे रहा है। इस पर उन्होंने उसे फटकर लगाई और पेंट्रीकार मैनेजर पर जुर्माना लगवाए जाने का निर्देश अफसरों को दिया। जीएम ने ट्रेन के शौचालय एवं तमाम कोच में रखी डस्टबिन को भी देखा। इस दौरान प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एसके सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य संजय सिंह, सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा, अमित सिंह आदि मौजूद रहे।